Samachar Nama
×

विंबलडन: जोकोविच ने की फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी, रिंडरकनेच को हराकर बनाई चौथे दौर में जगह

विंबलडन: जोकोविच ने की फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी, रिंडरकनेच को हराकर बनाई चौथे दौर में जगह
विंबलडन: जोकोविच ने की फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी, रिंडरकनेच को हराकर बनाई चौथे दौर में जगह

लंदन, 4 जुलाई (आईएएनएस)। सात बार के विंबलडन चैंपियन नोवाक जोकोविच ने कड़े संघर्ष के बाद पुरुष एकल के चौथे दौर में जगह बना ली है। शुक्रवार को खेले गए तीसरे दौर के मुकाबले में उन्होंने फ्रांस के आर्थर रिंडरकनेच को तीन घंटे और एक मिनट तक चले मैच में 7-5, 6-4, 1-6, 7-6 (4) से हराया।

इस जीत के साथ सर्बिया के स्टार खिलाड़ी ने विंबलडन में अपने करियर की 105वीं एकल जीत दर्ज की। इसके साथ ही उन्होंने स्विट्जरलैंड के महान खिलाड़ी रोजर फेडरर के सबसे ज्यादा पुरुष एकल मैच जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। विंबलडन के इतिहास में अब केवल मार्टिना नवरातिलोवा ही जोकोविच से आगे हैं, जिनके नाम 120 एकल जीत दर्ज हैं।

मैच के बाद जोकोविच ने कहा कि विंबलडन में इतिहास का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास पल है। उन्होंने कहा, "यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। बचपन से मेरा सपना था कि मैं यहां अच्छा प्रदर्शन करूं। मैं रिकॉर्ड के बारे में ज्यादा नहीं सोचता। मेरी कोशिश हर मैच जीतने की होती है। यह मुकाबला आसान नहीं था। मुझे पता था कि सामने वाला खिलाड़ी चुनौती देगा। इस जीत से मैं बहुत खुश हूं।" जोकोविच ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि अगर संभव हो तो वह और रोजर फेडरर 106वीं जीत के लिए एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला खेल सकते हैं।

हालांकि, चौथे दौर में जगह बनाने के लिए जोकोविच को आर्थर के खिलाफ काफी मेहनत करनी पड़ी। फ्रांस के आर्थर रिंडरकनेच ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने पहले दो सेट में 35 विनर लगाए, लेकिन महत्वपूर्ण मौकों पर वह बढ़त का फायदा नहीं उठा सके। तीसरे सेट में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए जोकोविच को 6-1 से हराया और मैच को रोमांचक बना दिया।

चौथे सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। लंबे-लंबे रैलियों और दमदार शॉट्स ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। आठवें गेम के बाद मुकाबला 4-4 की बराबरी पर पहुंच गया था। इस दौरान रिंडरकनेच ने कई शानदार अंक अपने नाम किए और दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं। एक बेहतरीन रैली के बाद जब जोकोविच का बैकहैंड बाहर चला गया तो पूरे सेंटर कोर्ट में बैठे दर्शकों ने खड़े होकर फ्रांस के खिलाड़ी का उत्साह बढ़ाया। हालांकि, जोकोविच ने अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए दबाव में बेहतरीन सर्विस और रिटर्न खेलते हुए मुकाबले को टाई-ब्रेक तक पहुंचाया। टाई-ब्रेक में उन्होंने शांत दिमाग से खेलते हुए जीत अपने नाम कर ली और चौथे दौर का टिकट हासिल किया।

इससे पहले, दूसरे दौर में जोकोविच ने ग्रीस के स्टेफानोस सितसिपास को सीधे सेटों में हराकर शानदार फॉर्म का संकेत दिया था। हालांकि, तीसरे दौर में उन्हें कहीं ज्यादा कड़ी चुनौती मिली, लेकिन उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि बड़े मुकाबलों में उनका अनुभव उन्हें अलग बनाता है।

अब चौथे दौर में जोकोविच का सामना 28 वर्षीय क्वालिफायर रोमन सफीउलिन से होगा। सफीउलिन ने तीसरे दौर में ब्राजील के जोआओ फोंसेका को 6-3, 6-3, 6-3 से हराकर चौथे दौर में जगह बनाई है। पिछले साल चोट से परेशान रहने वाले सफीउलिन इस सीजन विंबलडन से पहले टूर स्तर पर कोई मैच नहीं जीत पाए थे, लेकिन अब उन्होंने लगातार अच्छा खेल दिखाकर अंतिम 16 में जगह बना ली है।

--आईएएनएस

एसएम/एएस

Share this story

Tags