
पति-पत्नी के बीच का रिश्ता प्रेम और विश्वास का होता है। जब भी कोई कमजोर होता है, तो दूसरा उसकी मदद के लिए तैयार रहता है। लेकिन पिछले कुछ दिनों में कई ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने पति-पत्नी के रिश्ते को तार-तार कर दिया है, जिससे परिवार का यह मजबूत बंधन टूट गया है। मेरठ में सौरभ राजपूत की हत्या कर उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी द्वारा की गई बर्बरता की खबर सुनकर हर कोई स्तब्ध है। अब मध्य प्रदेश से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है।
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर 'लाइव' होकर आत्महत्या कर ली। आश्चर्य की बात यह है कि उसकी पत्नी और सास ने व्यक्ति को आत्महत्या करते हुए देखा, लेकिन दोनों में से किसी ने भी उसे नहीं रोका और न ही घटना के बारे में किसी को बताया।
यह दिल दहला देने वाला मामला मध्य प्रदेश के रीवा जिले में सामने आया है। आत्महत्या करने वाले व्यक्ति की पहचान शिव प्रकाश त्रिपाठी के रूप में हुई है। शिव प्रकाश ने आत्महत्या के लिए अपनी पत्नी और सास को जिम्मेदार ठहराया। जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस उमेश प्रजापति ने बताया कि शिव प्रकाश त्रिपाठी ने 16 मार्च को यह कदम उठाया, जिसे उसकी पत्नी ने भी देखा। अधिकारी ने बताया कि त्रिपाठी ने दो साल पहले प्रिया शर्मा से शादी की थी। उन्होंने बताया कि कुछ समय बाद त्रिपाठी को पता चला कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ संबंध है।
अधिकारी ने बताया कि इसी बीच त्रिपाठी एक दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए, जिसके बाद उनकी पत्नी अपने माता-पिता के घर चली गईं। 'इंस्टाग्राम' वीडियो में व्यक्ति कह रहा है कि वह अपनी सास और पत्नी की वजह से अपनी जान दे रहा है। उनका यह भी दावा है कि इस विवाह से उनकी खुशियां नष्ट हो गईं। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने त्रिपाठी की पत्नी और सास को गिरफ्तार कर लिया है तथा आगे की जांच जारी है।