WhatsApp ने भारत समेत कई देशों में यूजर्स के अकाउंट किए 'इन रिव्यू', वीडियो में जाने 24 घंटे तक बंद रहे चैट और कॉल फीचर्स
मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने भारत समेत कई देशों में बड़ी संख्या में यूजर्स के अकाउंट्स को अचानक 'Account in Review' मोड में डाल दिया। इस दौरान प्रभावित यूजर्स 24 घंटे तक न तो मैसेज भेज पाए और न ही कॉलिंग जैसी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सके। बिना किसी पूर्व सूचना के हुई इस कार्रवाई से कई यूजर्स परेशान हो गए और सोशल मीडिया पर अपनी शिकायतें साझा करने लगे।
भारतीय समयानुसार यह समस्या सोमवार रात करीब 8 बजे सामने आई। प्रभावित यूजर्स ने जब WhatsApp खोला तो स्क्रीन पर संदेश दिखाई दिया, जिसमें लिखा था कि "Account in Review. Date Requested: 3 August 2026. आपकी अकाउंट एक्टिविटी और डिवाइस इंफॉर्मेशन की जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आपका अकाउंट हमारी सेवा की शर्तों का पालन करता है।"
बिना चेतावनी ब्लॉक हुए फीचर्स
यूजर्स का कहना है कि WhatsApp या उसकी पैरेंट कंपनी Meta की ओर से अकाउंट को रिव्यू में डालने से पहले कोई चेतावनी, नोटिफिकेशन या ईमेल नहीं भेजा गया। अचानक अकाउंट रिव्यू में चले जाने के कारण चैट, कॉल और अन्य सभी प्रमुख फीचर्स अस्थायी रूप से बंद हो गए।इस अप्रत्याशित कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी परेशानी जाहिर की और कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा।
कंपनी ने दी सफाई
मामले के तूल पकड़ने के बाद WhatsApp के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि कुछ अकाउंट्स को सुरक्षा जांच और सेवा की शर्तों के अनुपालन की पुष्टि के लिए अस्थायी रूप से रिव्यू में रखा गया था। कंपनी ने कहा कि यह प्रक्रिया प्लेटफॉर्म की सुरक्षा बनाए रखने और दुरुपयोग रोकने के लिए की जाती है।हालांकि, कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि कितने यूजर्स प्रभावित हुए और किन कारणों से उनके अकाउंट्स को समीक्षा के लिए चुना गया।
यूजर्स को मिले दो विकल्प
'Account in Review' संदेश के नीचे WhatsApp ने दो विकल्प भी उपलब्ध कराए।
- "जिम्मेदारी से WhatsApp का उपयोग कैसे करें" – इसमें प्लेटफॉर्म के नियमों और सुरक्षित उपयोग से जुड़ी जानकारी दी गई है।
- "चोरी हुए फोन और अकाउंट के बारे में" – इस विकल्प के जरिए यूजर्स अपने अकाउंट की सुरक्षा और रिकवरी से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
यूजर्स में बढ़ी चिंता
बिना पूर्व सूचना के अकाउंट रिव्यू में डाले जाने की घटना ने यूजर्स के बीच चिंता बढ़ा दी है। कई लोगों ने सवाल उठाया कि यदि अकाउंट सामान्य रूप से इस्तेमाल किया जा रहा था, तो उसे अचानक समीक्षा में क्यों रखा गया।फिलहाल कंपनी का कहना है कि यह एक सुरक्षा प्रक्रिया का हिस्सा है और समीक्षा पूरी होने के बाद पात्र अकाउंट्स की सेवाएं सामान्य रूप से बहाल कर दी जाएंगी।

