ये कैसी दीवानगी! बीच सड़क रील बनाने लगी पुलिस वाले की बीवी, रोड पर लगा लंबा जाम और फिर.. वीडियो वायरल होते ही एक्शन
चंडीगढ़ में एक पुलिसकर्मी की पत्नी ने बीच सड़क पर हरियाणवी गाने पर डांस कर पूरा रास्ता जाम कर दिया। महिला सड़क पर डांस करने और वीडियो बनाने में इतनी व्यस्त हो गई कि उसे हरी बत्ती भी नजर नहीं आई, जिसके कारण सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। जैसे ही वहां ट्रैफिक जाम हुआ, पुलिस हरकत में आई और महिला के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने रील बनाने वाली महिला और उसके सहयोगी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बीच सड़क पर रील बना रही महिला चंडीगढ़ पुलिस में तैनात एक कांस्टेबल की पत्नी बताई जा रही है।
महिला के डांस का यह मामला अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है। महिला सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स पाने के लिए बीच सड़क पर रील बना रही थी। इस दौरान सड़क पर जाम लग गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने इस महिला और उसके सहकर्मी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि महिला को थाने से ही जमानत मिल गई।
जानकारी के अनुसार डांस करने वाली महिला ज्योति चंडीगढ़ जिले के पुलिस कॉलोनी सेक्टर 20 में रहती है। आरोपी महिला एक पुलिसकर्मी की पत्नी है। 20 मार्च 2025 को आरोपी महिला जेब्रा क्रॉसिंग के पास खड़ी गाड़ियों के सामने डांस कर रही थी। इस दौरान उनकी पार्टनर पूजा उनका वीडियो रिकॉर्ड कर रही थी। मौके पर मौजूद अन्य राहगीरों ने भी इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। जिसके बाद महिला की यह हरकत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
हेड कांस्टेबल जसबीर की शिकायत पर आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जब आरोपी महिला डांस कर रही थी, तब सड़क पर यातायात बाधित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, इस कृत्य से सड़क दुर्घटना भी हो सकती थी। चंडीगढ़ पुलिस ने इस घटना के बाद स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों से यातायात बाधित होता है, जिससे सड़क दुर्घटनाएं हो सकती हैं। यदि कोई महिला या व्यक्ति सार्वजनिक स्थानों या बीच सड़क पर रील बनाते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।