Samachar Nama
×

वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर पाकिस्तान ने 1-1 से ड्रॉ कराई सीरीज

वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर पाकिस्तान ने 1-1 से ड्रॉ कराई सीरीज
वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर पाकिस्तान ने 1-1 से ड्रॉ कराई सीरीज

त्रिनिदाद, 5 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ क्वींस पार्क में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन 8 विकेट से जीत हासिल की। इसी के साथ मेहमान टीम ने 2 मुकाबलों की सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म की। इससे पहले, वेस्टइंडीज ने सीरीज का शुरुआती मैच 90 रन से अपने नाम किया था।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने अपनी पहली पारी में 344 रन बनाए। इस पारी में कप्तान रोस्टन चेज ने जस्टिन ग्रीव्स के साथ छठे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी की। रोस्टन चेज 70 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ग्रीव्स ने 73 रन की पारी खेली। इनके अलावा, ब्रैंडन किंग ने 46 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से साजिद खान ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद अली, उबैद शाह और अली उस्मान ने 2-2 विकेट निकाले।

इसके जवाब में पाकिस्तान ने पहली पारी में 387 रन बनाकर 43 रन की बढ़त हासिल कर ली। इस पारी में अब्दुल्ला शफीक ने कप्तान बाबर आजम के साथ तीसरे विकेट के लिए 183 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। बाबर ने 11 बाउंड्री के साथ 88 रन बनाए, जबकि शफीक 18 बाउंड्री के साथ 160 रन बनाकर नाबाद रहे। इस पारी में जोमेल वारिकन ने सर्वाधिक 6 विकेट अपने नाम किए, जबकि शमर जोसेफ ने 2 विकेट निकाले।

वेस्टइंडीज दूसरी पारी में 46.1 ओवरों का सामना करते हुए सिर्फ 117 रन पर ढेर हो गई। टैगेनारिन चंद्रपॉल (17) ने कावेम हॉज (34) के साथ पहले विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी की। इस जोड़ी के टूटने के बाद टीम बिखर गई। इस पारी में सिर्फ पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू सके। चोटिल ब्रैंडन किंग इस पारी में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। पाकिस्तान की तरफ से अली उस्मान ने 39 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि साजिद खान ने 32 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए।

पाकिस्तान को दूसरी पारी में जीत के लिए सिर्फ 75 रन की दरकार थी। आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने 15 के स्कोर पर इमाम-उल-हक (9) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद 42 के स्कोर पर अजान ओवैस (18) भी पवेलियन लौट गए। यहां से कप्तान बाबर आजम ने अब्दुल्ला शफीक के साथ तीसरे विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story