Samachar Nama
×

पश्चिमी दिल्ली के ख्याला में व्यस्त चौराहे पर अचानक धंसी सड़क, यातायात प्रभावित

पश्चिमी दिल्ली के ख्याला में व्यस्त चौराहे पर अचानक धंसी सड़क, यातायात प्रभावित
पश्चिमी दिल्ली के ख्याला में व्यस्त चौराहे पर अचानक धंसी सड़क, यातायात प्रभावित

नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके में एक व्यस्त चौराहे पर मुख्य सड़क शुक्रवार तड़के अचानक धंस गई। इस दौरान, ईंटों से भरा एक ट्रक गहरे गड्ढे में फंस गया। गनीमत रही इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

बताया गया कि ख्याला बस स्टैंड के पास शुक्रवार सुबह सड़क अचानक धंसी। उसी समय ईंटों से लदा हुआ एक भारी-भरकम ट्रक गुजर रहा था, जो इस घटना की चपेट में आया। घटना के बाद प्रशासन ने मार्ग पर आवाजाही रोक दी गई।

इसके बाद ट्रक को वहां से हटाया गया और सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के धंसे हुए हिस्से को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया।

हालांकि, जिस तरह घटना हुई, वहां जलभराव जैसी स्थिति नहीं थी। बारिश के पहले ही सड़क धंसने पर एक बड़ा हादसा टल गया। यह गड्ढा ख्याला बस स्टैंड से केशोपुर रोड की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर बना है, जो इलाके का बेहद व्यस्त रास्ता माना जाता है।

इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन और पैदल यात्री गुजरते हैं। आसपास केशोपुर मंडी, कई स्कूल, मंदिर और अन्य महत्वपूर्ण संस्थान होने के कारण दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। सड़क धंसने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जनकपुरी समेत पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों में सड़क धंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनका आरोप है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जाता, जिसके कारण सड़कें खोखली हो रही हैं और भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags