यूपी में बाढ़ के बीच फिर बिगड़ा मौसम, 42 जिलों में बारिश का अलर्ट; वीडियो में जाने बिहार के 26 जिलों में येलो अलर्ट
उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति के बीच गुरुवार, 8 अक्टूबर को कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर और सुल्तानपुर समेत कई शहरों में सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज यूपी के 42 जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
लखनऊ में गोमती का जलस्तर बना चिंता
लखनऊ में गोमती नदी के बढ़े जलस्तर ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहर के कई निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। फीनिक्स प्लासियो मॉल की ओर जाने वाले रास्ते और आसपास के इलाकों में भी पानी पहुंच गया है। रिपोर्ट के मुताबिक गोमती में ऊपरी कैचमेंट से आया पानी कई दिनों की यात्रा के बाद लखनऊ पहुंचा है, जिसके चलते बारिश रुकने के बावजूद बाढ़ का असर बना हुआ है। हालांकि जलस्तर में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद भी जताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक ऊपरी इलाकों के कुछ गेज स्टेशनों पर पानी कम होना शुरू हुआ है।
बिहार के 26 जिलों में येलो अलर्ट
बिहार में भी मौसम ने अचानक करवट ली है। पटना समेत कई जिलों में सुबह से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 26 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बिहार में मौसम की चुनौती सिर्फ बारिश तक सीमित नहीं है। राज्य के 6 जिलों के करीब 466 गांव अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं और लगभग 8 लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं। ऐसे में नई बारिश से राहत और बचाव कार्यों में मुश्किल बढ़ सकती है।
उत्तराखंड में बारिश, लैंडस्लाइड और बर्फबारी
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी मौसम खराब है। कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है। पहाड़ों में बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है और कुछ मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है।ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर भी शुरू हो गया है। चमोली में भारी बर्फबारी के कारण हेमकुंड साहिब धाम बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
राजस्थान में 11-12 अक्टूबर को बदल सकता है मौसम
राजस्थान में फिलहाल मौसम विभाग ने 8 से 14 अक्टूबर तक कोई चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि 11 और 12 अक्टूबर के आसपास पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम में बदलाव के साथ राज्य में रात के तापमान में गिरावट और हल्की ठंडक बढ़ने के संकेत हैं। यानी आने वाले दिनों में राजस्थान में गुलाबी ठंड की शुरुआत महसूस हो सकती है

