Samachar Nama
×

Weather Update: केदारनाथ में पारा माइनस 8°C के पार, यूपी में बढ़ी ठंड; MP के 23 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

Weather Update: केदारनाथ में पारा माइनस 8°C के पार, यूपी में बढ़ी ठंड; MP के 23 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। उत्तराखंड के केदारनाथ में बर्फबारी के बाद तापमान माइनस 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के बाद ठंड बढ़ने लगी है। मध्य प्रदेश के 23 जिलों में मंगलवार को आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर, दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर भी खराब श्रेणी में बना हुआ है।

केदारनाथ में कड़ाके की ठंड

उत्तराखंड के केदारनाथ में सोमवार को हुई बर्फबारी के बाद मंगलवार सुबह तापमान माइनस 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने नैनीताल और चमोली में बारिश की संभावना जताई है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

MP के 23 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक तूफान 'मुरासु' का असर देखने को मिल सकता है। मंगलवार को जबलपुर समेत 23 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

यूपी में दिन का तापमान 8 डिग्री गिरा

उत्तर प्रदेश में लगातार तीन दिन हुई बारिश के बाद मौसम ठंडा होने लगा है। अवध और पश्चिमी यूपी के इलाकों में धूप का असर कमजोर पड़ रहा है। प्रदेश में दिन के तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि रात का पारा 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।

दिल्ली में AQI 278, प्रदूषण खराब श्रेणी में

राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण से राहत नहीं मिली है। मंगलवार सुबह 6 बजे आनंद विहार में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 278 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, यह खराब श्रेणी में आता है।

Share this story

Tags