Weather Update: 2 अक्टूबर को देश के 22 राज्यों में भारी बारिश का खतरा, जानें दिल्ली-यूपी और बिहार में कैसा रहेगा मौसम
देश के कई हिस्सों में मानसून की विदाई का दौर चल रहा है, लेकिन जाते-जाते बारिश और आंधी एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 2 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब समेत देश के 22 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ राज्यों में तेज हवा की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में अगर आप 2 अक्टूबर को यात्रा करने की तैयारी कर रहे हैं तो निकलने से पहले अपने इलाके का मौसम अपडेट जरूर देख लें।
22 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 2 अक्टूबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, उत्तराखंड, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, केरल, असम, त्रिपुरा, मेघालय, नागालैंड और सिक्किम में बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने और वज्रपात का खतरा भी बताया गया है। किसानों को भी मौसम को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 2 अक्टूबर को बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 2 अक्टूबर को मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। मेरठ, आगरा, मथुरा, गाजियाबाद, बहराइच, गोंडा, कानपुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, उन्नाव, कन्नौज, सीतापुर, फर्रुखाबाद, बरेली, एटा, फिरोजाबाद, कासगंज, मैनपुरी, रामपुर, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया में मौसम खराब रह सकता है।
इस दौरान करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार में भी तेज बारिश और आंधी
बिहार के कई जिलों में 2 अक्टूबर को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। पटना, गया, जहानाबाद, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, भागलपुर, मुंगेर और कटिहार में मौसम खराब रहने की संभावना है।
इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पटना में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
झारखंड में 2 और 3 अक्टूबर को बारिश का असर
झारखंड में भी मौसम का मिजाज बदल सकता है। गुमला, गढ़वा, सिमडेगा, रांची, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, हजारीबाग, पलामू और जमशेदपुर में बारिश और आंधी की संभावना है।
कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। रांची में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तराखंड में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा
उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है।
पहाड़ी क्षेत्रों में खराब मौसम के दौरान भूस्खलन और सड़क बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम बदलेगा
हिमाचल प्रदेश के सोलन, बिलासपुर, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा और सिरमौर में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। कुछ पहाड़ी इलाकों में मौसम खराब होने से यात्रा प्रभावित हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी, अनंतनाग, बारामूला, पुंछ, रामबन, कठुआ, डोडा और सांबा समेत कई इलाकों में बारिश और आंधी की संभावना है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
राजस्थान में भी बारिश-आंधी का अलर्ट
राजस्थान में भी 2 अक्टूबर को मौसम करवट ले सकता है। भीलवाड़ा, टोंक, सवाई माधोपुर, बारां, कोटा, भरतपुर, बीकानेर, बूंदी, जयपुर, अजमेर और उदयपुर समेत कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। जयपुर में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश में भी बारिश और आंधी
मध्य प्रदेश के देवास, नर्मदापुरम, भोपाल, इंदौर, खंडवा, गुना, मुरैना, अशोकनगर, नीमच, उमरिया, छिंदवाड़ा, कटनी और पन्ना में बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
कई इलाकों में करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पंजाब और पश्चिम बंगाल में भी बारिश का असर
पंजाब के पठानकोट, बरनाला, चंडीगढ़, जालंधर, अमृतसर, पटियाला, गुरदासपुर और लुधियाना में बारिश और आंधी की संभावना है। यहां तेज हवाओं की रफ्तार 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
वहीं पश्चिम बंगाल के हावड़ा, दार्जिलिंग, नादिया, कोलकाता, अलीपुरद्वार, बीरभूम और कूचबिहार में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| दिल्ली | 34°C | 22°C |
| मुंबई | 36°C | 27°C |
| चेन्नई | 32°C | 27°C |
| कोलकाता | 33°C | 26°C |
| लखनऊ | 33°C | 24°C |
| पटना | 33°C | 24°C |
| रांची | 29°C | 20°C |
| भोपाल | 32°C | 20°C |
| जयपुर | 35°C | 22°C |
| शिमला | 24°C | 14°C |
| नैनीताल | 23°C | 16°C |
मौसम सिस्टम भी सक्रिय
मौसम में इस बदलाव के पीछे कई मौसमी सिस्टम सक्रिय बताए जा रहे हैं। पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी के आसपास बना सिस्टम पूर्वी और तटीय इलाकों के मौसम को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी असम और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण और उत्तरी तटीय तमिलनाडु के आसपास भी चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है।ऐसे में अगले कुछ घंटों के दौरान कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल सकता है। लोगों को तेज हवा, बिजली और भारी बारिश के दौरान खुले इलाकों में जाने से बचने और स्थानीय मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।

