Weather Update : सूखे और गर्मी की दोहरी मार: राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू, जानिए किन जिलों में सबसे ज्यादा बढ़ा तापमान
राजस्थान में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है और इसके साथ ही प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पश्चिमी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं, जबकि कई इलाकों में तेज धूप के कारण दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की वापसी की रेखा अब जैसलमेर, नागौर और सीकर तक पहुंच गई है और अगले कुछ दिनों में राजस्थान के अन्य हिस्सों से भी इसकी विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मानसून की विदाई के बीच जैसलमेर में गर्मी ने फिर जोर पकड़ लिया है। यहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बाड़मेर में भी पारा करीब 39.5 डिग्री तक पहुंच गया। पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में दिन का तापमान 36 से 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
वहीं, पूरे राजस्थान में अभी मौसम एक जैसा नहीं रहेगा। कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। इसके मुकाबले पश्चिमी राजस्थान में मौसम ज्यादा शुष्क रहने और गर्मी बढ़ने के आसार हैं।
जयपुर की बात करें तो यहां भी अगले दिनों में गर्मी बढ़ सकती है। फिलहाल अधिकतम तापमान करीब 35 से 37 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ धूप और उमस का असर बढ़ सकता है।
यानी राजस्थान में अब मानसून की विदाई और गर्मी की वापसी एक साथ दिखाई देने लगी है। पश्चिमी जिलों में जहां पारा 40 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है, वहीं दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मानसून की आखिरी बारिश देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, स्थानीय परिस्थितियों के चलते कुछ जिलों में हल्की बारिश या बादल देखने को मिल सकते हैं।अब सवाल ये है कि राजस्थान के बाकी हिस्सों से मानसून कब पूरी तरह विदा होगा और गर्मी कितनी तेजी से बढ़ेगी? आने वाले 2-3 दिन इस बदलाव के लिहाज से अहम रहने वाले हैं।

