Weather Today: आगरा से प्रयागराज तक भारी बारिश का अलर्ट, 28 जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली का खतरा
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज 2 सितंबर को यूपी के अधिकांश इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान जताया है। वहीं आगरा से लेकर प्रयागराज और आसपास के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं। आज पश्चिमी और पूर्वी यूपी दोनों हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
28 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज कई जिलों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली और मेघ गर्जन को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें आगरा, मथुरा, हाथरस, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कानपुर, रायबरेली, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मीरजापुर और सोनभद्र समेत कई जिले शामिल हैं।
इसके अलावा एटा, मैनपुरी, कन्नौज, उन्नाव, प्रतापगढ़ और संत रविदास नगर में भी कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बारिश के दौरान लोगों को विशेष रूप से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
पश्चिमी यूपी में भी जमकर बरसेंगे बादल
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी आज बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, बदायूं, बरेली, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, हापुड़, बिजनौर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली और बागपत में गरज-चमक के साथ कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है।
वहीं फर्रुखाबाद, लखनऊ, अमेठी, सुल्तानपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र में भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है।
इन इलाकों में हल्की बारिश की संभावना
पूर्वी और मध्य यूपी के कुछ अन्य हिस्सों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और गाजीपुर में कुछ स्थानों पर बारिश या हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।
प्रदेश के बाकी हिस्सों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है।
5 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 5 सितंबर तक पश्चिमी यूपी के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है।
पूर्वांचल में फिलहाल हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, लेकिन 6 सितंबर से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून फिर जोर पकड़ सकता है। इसके विपरीत पश्चिमी यूपी में मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है।
तापमान में आएगी गिरावट
लगातार बारिश के कारण अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। हालांकि, इसके बाद तापमान में फिर इसी स्तर की बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
फिलहाल प्रदेश में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने वाला है। ऐसे में भारी बारिश वाले जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग के अलर्ट पर नजर रखने और आकाशीय बिजली के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

