देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में अचानक मौसम ने करवट ले ली है। बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार का दिन दिल्ली के लिए पिछले छह वर्षों में मार्च का सबसे ठंडा दिन साबित हुआ।
दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सफदरजंग में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है। इससे पहले 8 मार्च 2020 को तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो इससे थोड़ा कम था।
मौसम में आए इस बदलाव का कारण सक्रिय मौसम प्रणाली और पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है, जिसके चलते कई जगहों पर बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिला। राजधानी के कई हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे और हल्की बारिश ने मौसम को ठंडा बना दिया।
तेज हवाओं के कारण लोगों को ठंड का फिर से अहसास होने लगा है, जबकि पहले तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी का एहसास होने लगा था। अचानक आए इस बदलाव से लोग हैरान हैं और मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर जनजीवन पर भी दिख रहा है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना जताई है। साथ ही, लोगों को सावधानी बरतने और मौसम के अनुसार खुद को ढालने की सलाह दी गई है।
फिलहाल, राजधानी में ठंडक बढ़ने के साथ ही लोगों ने एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।

