देश के कई राज्यों में बदला मौसम, यूपी-राजस्थान में बारिश का अलर्ट; वीडियो में जाने पहाड़ों पर बर्फबारी से मनाली में पर्यटकों की भीड़
देशभर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी और ठंडी हवाओं का दौर शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान में मौसम विभाग ने आज और कल बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी हुई है। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसका असर सड़क यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। दूसरी ओर, दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदलने के बावजूद प्रदूषण से राहत नहीं मिली है। यहां हवा की गुणवत्ता लगातार गंभीर श्रेणी में बनी हुई है।
राजस्थान और उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में आज और कल बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड का असर बढ़ सकता है। मौसम में अचानक बदलाव से किसानों और आम लोगों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।
हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी, मनाली में पर्यटकों की भीड़
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी दर्ज की गई है। पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने के बाद पर्यटन गतिविधियां तेज हो गई हैं। बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेने के लिए मनाली पहुंच रहे हैं।पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से जाम की स्थिति बन गई। पर्यटकों को अपनी मंजिल तक पहुंचने में काफी समय लग रहा है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
उत्तराखंड के 7 जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
उत्तराखंड में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के सात जिलों में आज बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव के चलते पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से नहीं मिली राहत
एक तरफ देश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी से मौसम सुहावना हो रहा है, वहीं दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की समस्या गंभीर बनी हुई है। शनिवार सुबह दिल्ली के आईटीओ इलाके में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 414 दर्ज किया गया। वहीं, गुरुग्राम में एक्यूआई 324 रहा। इन आंकड़ों के साथ दोनों जगह हवा की गुणवत्ता गंभीर स्तर पर बनी हुई है। प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
अंडमान सागर में कम दबाव का क्षेत्र, चक्रवात की आशंका
मौसम के इस बदलाव के बीच अंडमान सागर में भी हलचल बढ़ गई है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के उपग्रह ने अंडमान सागर के ऊपर बादलों की तेज गतिविधियों को दर्ज किया है। यहां कम दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है, जिससे नए चक्रवात के बनने की आशंका जताई जा रही है।यदि यह कम दबाव का क्षेत्र चक्रवात में बदलता है तो इसका नाम 'अकवान' रखा जाएगा। यह नाम ईरान की ओर से सुझाया गया है। फिलहाल मौसम वैज्ञानिकों की नजर अंडमान सागर में विकसित हो रही मौसमी गतिविधियों पर बनी हुई है।

