यूएस चुनाव में रिपब्लिकन के कमजोर प्रदर्शन से अमेरिकी व्यापार नीति के रुख को लेकर शुरू हो सकती है नई बहस : एक्सपर्ट
नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। यूएस मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीद से कमजोर प्रदर्शन से अमेरिकी व्यापार नीति के भविष्य के रुख को लेकर नई बहस शुरू हो सकती है। साथ ही, भारत के साथ चल रही व्यापार वार्ताओं पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है। यह बयान बुधवार को एक्सपर्ट ने दिया।
एक्सिस बैंक में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (बिजनेस एंड इकोनॉमिक रिसर्च) तनेय दलाल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि अमेरिकी कांग्रेस की संरचना में बदलाव से मौजूदा व्यापार वार्ताओं को नियंत्रित करने वाले संस्थागत ढांचे में कोई बड़ा बदलाव आने की संभावना नहीं है। इसकी वजह व्यापार नीति पर कांग्रेस के अधिकार को बहाल करने के किसी भी प्रयास के लिए 'वीटो-प्रूफ' (वीटो पावर के प्रभाव को समाप्त करना) बहुमत की आवश्यकता होगी, जिसकी संभावना कम ही है।
उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका में बंटी हुई सरकार और प्रशासन पर बढ़ती राजनीतिक पाबंदियों के बीच, आक्रामक व्यापारिक कदम उठाने की गुंजाइश भी धीरे-धीरे कम हो सकती है। हालांकि, मौजूदा टैरिफ उपायों को लेकर कानूनी चुनौतियों के चलते अनिश्चितता बनी रहेगी।
दलाल के मुताबिक, भारत के लिए स्थिति अब भी जटिल बनी हुई है। अमेरिका की व्यापार नीति पर भू-राजनीतिक घटनाक्रमों का प्रभाव जारी रह सकता है, जिसमें खासतौर पर यूक्रेन युद्ध और मध्य-पूर्व शामिल हैं। ऐसे में अमेरिका की ओर से टैरिफ लगाने की आक्रामक नीति में भले ही कुछ नरमी आए, लेकिन भारत को राहत मिलना तय नहीं है। रणनीतिक और भू-राजनीतिक हितों के टकराव वाले क्षेत्रों में भारत को अब भी अमेरिका के लक्षित व्यापारिक प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा, अमेरिका में डेमोक्रेट्स की हाउस और सीनेट में जीत के बाद कमोडिटी मार्केट में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।
इससे एक तरफ कच्चे तेल की कीमतों में कमी देखी गई। खबर लिखे जाने तक बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 102.39 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 0.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ 95.31 डॉलर प्रति बैरल पर था।
दूसरी तरफ सोने और चांदी में तेजी देखी गई। कॉमेक्स पर सोना 2.72 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,047 डॉलर प्रति औंस और चांदी 4.22 प्रतिशत की मजबूती के साथ 51.85 डॉलर प्रति औंस पर थी।
--आईएएनएस
एबीएस

