वृंदा करात ने चुनाव आयोग से हिमंता बिस्वा सरमा को अयोग्य घोषित करने की मांग की
बजाली, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। असम विधानसभा चुनाव की लड़ाई दिलचस्प होती जा रही है। सत्ता पक्ष और विपक्ष एक दूसरे पर बयानों से हमला कर रहे हैं। इसी कड़ी में सीपीआई (एम) नेता वृंदा करात ने चुनाव आयोग से मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को अयोग्य घोषित करने की मांग की।
सीपीआई (एम) की पोलित ब्यूरो सदस्य वृंदा करात ने मीडिया से बातचीत में कहा, "बजाली सीट पर हमारे उम्मीदवार बड़े अंतर से जीतेंगे। जिस तरह हिमंता बिस्वा सरमा संविधान के खिलाफ बुलडोजर चला रहे हैं, वह न सिर्फ मुसलमानों के खिलाफ है बल्कि आदिवासियों, दलितों के भी खिलाफ है, जो असम के आम नागरिक हैं। वह उनके सभी अधिकारों को लूट रहे हैं। अभी जो खबर आई है कि हिमंता बिस्वा सरमा ने हमारे देश को लूटा है और उनकी पत्नी के पास तीन पासपोर्ट हैं। दुबई में उनकी दो संपत्तियां हैं और एक संपत्ति अमेरिका में है। हमारे देश के कानून के अनुसार, उम्मीदवारों के नामांकन पत्र में संपत्तियों का उल्लेख होना चाहिए, लेकिन हिमंता बिस्वा सरमा ने कानून और असम की जनता को धोखा दिया है। मुख्यमंत्री ने गरीबों को लूट कर संपत्ति बनाई है।"
वृंदा करात ने कहा, चुनाव आयोग को हिमंता बिस्वा सरमा को अयोग्य घोषित करना चाहिए। वैसे भी मुख्यमंत्री को इस बार चुनाव में जनता अयोग्य घोषित कर देगी।"
वहीं, हिमंता बिस्वा सरमा द्वारा पासपोर्ट फर्जी बताने पर करात ने कहा, "कोई भी अपराधी अपनी गलती नहीं मानता। अगर पासपोर्ट फर्जी है, तो विदेश में करोड़ों की संपत्ति और कंपनी क्या है। इसलिए कानून के मुताबिक अयोग्य घोषित किया जाना चाहिए और नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के असम दौरे को लेकर वृंदा करात ने कहा, "प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, वह झूठ निर्माण मशीन लेकर जाते हैं। प्रधानमंत्री उद्योग चला नहीं सकते तो झूठ की फैक्ट्री चलाते हैं।"
इसके साथ ही करात ने दावा किया कि इस बार असम में भाजपा की सरकार नहीं बनेगी।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम

