Samachar Nama
×

विश्व एआई सम्मेलन में वैश्विक एआई शासन के लिए 15-सूत्रीय 'शांगहाई घोषणा' जारी

विश्व एआई सम्मेलन में वैश्विक एआई शासन के लिए 15-सूत्रीय 'शांगहाई घोषणा' जारी
विश्व एआई सम्मेलन में वैश्विक एआई शासन के लिए 15-सूत्रीय 'शांगहाई घोषणा' जारी

बीजिंग, 17 जुलाई (आईएएनएस)। 2026 विश्व एआई सम्मेलन और एआई वैश्विक शासन उच्च स्तरीय बैठक शुक्रवार से सोमवार तक पूर्वी चीन के शांगहाई शहर में आयोजित की जा रही है।

सम्मेलन के उद्घाटन समारोह को चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने संबोधित किया। इसके अलावा कजाकिस्तान के राष्ट्रपति, कंबोडिया के प्रधानमंत्री, थाईलैंड के प्रधानमंत्री, संयुक्त राष्ट्र महासचिव और 100 से अधिक देशों तथा अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे।

'स्मार्ट पार्टनर, साझा भविष्य' विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में एआई के मानव केंद्रित, सुरक्षित, निष्पक्ष और समावेशी विकास पर चर्चा की जा रही है। सम्मेलन में कहा गया कि एआई पूरी मानव सभ्यता को नया स्वरूप दे रहा है। ऐसे में सभी देशों को साझा भविष्य की भावना के साथ मिलकर सहयोग करना चाहिए।

शुक्रवार को सम्मेलन में विश्व एआई सम्मेलन और एआई वैश्विक शासन उच्च स्तरीय बैठक का अध्यक्षीय वक्तव्य जारी किया गया। इसमें एआई के सुरक्षित, न्यायसंगत और मानव केंद्रित वैश्विक शासन के लिए 15 प्रमुख सिद्धांत तय किए गए हैं। वक्तव्य में एआई नवाचार को बढ़ावा देने के लिए उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग मजबूत करने, 'एआई+' मॉडल के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में एआई के व्यापक उपयोग, तथा ओपन सोर्स तकनीक और डेटा सुरक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है।

इसके साथ ही एआई के पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने, ऊर्जा दक्ष विकास को बढ़ावा देने और रोजगार तथा सामाजिक बदलावों के प्रभावी प्रबंधन की आवश्यकता पर भी बल दिया गया है। वक्तव्य में एआई सुरक्षा, जोखिम नियंत्रण और आतंकवाद जैसे दुरुपयोग को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने का भी आह्वान किया गया है।

वक्तव्य में बहुपक्षवाद, संयुक्त राष्ट्र की अग्रणी भूमिका और विकासशील देशों की एआई क्षमता निर्माण को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय व्यापार नियमों, मानकों और सांस्कृतिक विविधता के सम्मान को भी आवश्यक बताया गया है। यह घोषणा एआई को वैश्विक समानता, सतत विकास और साझा समृद्धि का माध्यम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

सम्मेलन के दौरान 'विश्व एआई सहयोग संगठन' की स्थापना संधि पर भी हस्ताक्षर किए गए। शांगहाई में मुख्यालय वाला यह पहला अंतर-सरकारी एआई संगठन होगा। इसका उद्देश्य वैश्विक दक्षिण के देशों को एआई के विकास, अनुप्रयोग और शासन के क्षेत्र में सहयोग देना तथा डिजिटल विभाजन को कम करना है। यह संगठन सभी देशों के लिए खुला रहेगा और बहुपक्षवाद तथा साझा लाभ के सिद्धांतों के आधार पर काम करेगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/

Share this story

Tags