विश्व कप 2027 से पहले मजबूत टीम का निर्माण हमारा लक्ष्य: पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन
नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच माइक हेसन ने कहा है कि हमारा ध्यान वनडे विश्व कप 2027 के लिए मजबूत और संतुलित टीम बनाने पर है। हेड कोच ने कहा कि आने वाले समय में हमारी रणनीति खिलाड़ियों का पूल बनाने पर होगी।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के पॉडकास्ट पर हेसन ने कहा, "मुझे लगता है कि वनडे क्रिकेट में, अगले विश्व कप को ध्यान में रखते हुए, हमें अपने खिलाड़ियों के ग्रुप को बड़ा करना होगा। हम जाने-माने खिलाड़ियों की जगह युवा खिलाड़ियों पर भी फोकस करेंगे। ऐसे कई क्षेत्र हैं जिन्हें हमें बेहतर बनाने की जरूरत है। हमें यह निश्चित करना होगा कि अगले विश्व कप तक हमारे पास एक अच्छी टीम हो।"
पाकिस्तान के हेड कोच ने कहा, "पिछले दो सप्ताह हमारे लिए कुछ नई प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें मौजूदा खिलाड़ियों के सामने चुनौती देने, और यह पता लगाने का एक अच्छा मौका रहा है कि कमिया कहां हैं। कुछ युवा खिलाड़ी काफी होनहार हैं, लेकिन उन्हें अभी भी काफी मेहनत करने की जरूरत है।"
पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 वनडे मैचों की घरेलू सीरीज खेलनी है, जिसकी शुरुआत 30 मई से हो रही है। इस सीरीज में इंजरी की वजह से फखर जमान, सईम अयूब और उस्मान खान को शामिल नहीं किया गया है, जबकि मोहम्मद रिजवान को ड्रॉप किया गया है।
इस पर हेसन ने कहा, "फखर जमान, सईम अयूब और उस्मान खान जैसे खिलाड़ियों के टीम से बाहर होने की वजह से, हमें कुछ युवा बल्लेबाजों को आजमाने का मौका मिला है। हमारा सामना ऑस्ट्रेलिया की ऐसी टीम से होगा, जो पिछली बार यहां अपने प्रदर्शन से काफी निराश और आहत थी और टी20 सीरीज 3-0 से हारी थी। उम्मीद है कि वे पूरे जोश के साथ आएंगे। ऑस्ट्रेलिया वनडे फॉर्मेट में बेहद मजबूत है।"
युवा खिलाड़ियों को लेकर पाकिस्तान के कोच ने कहा, "मेरा मानना है कि इन युवा खिलाड़ियों के साथ थोड़ा धैर्य रखने की जरूरत है। बेशक, अगर वे आते ही तुरंत शानदार प्रदर्शन करने लगें, तो यह बहुत अच्छी बात होगी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की हकीकत यह है कि हर कोई ऐसा नहीं कर पाता। खिलाड़ियों का विकास और टीम की दीर्घकालिक प्रगति ही उनकी योजनाओं का मुख्य केंद्र है।"
पाकिस्तान टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज की तैयारी कर रही है। इस सीरीज में युवा पाकिस्तानी क्रिकेटरों की क्षमता का अंदाजा लगेगा।
--आईएएनएस
पीएके

