विशेष सत्र से पहले हेमंत सोरेन की रणनीति बैठक, खनिज कानून के खिलाफ प्रस्ताव लाने की तैयारी
रांची, 23 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को होने वाले विशेष सत्र से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर सदन में सरकार की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों को निर्देश दिया कि वे सदन में पूरी तैयारी के साथ आएं। विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए प्रामाणिक आंकड़ों और तथ्यों के साथ अपनी बात रखें। विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में एमएमडीआर कानून और एसआईआर को लेकर लोगों की चिंताओं से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। इन मुद्दों पर सदन में चर्चा की रूपरेखा और सत्ता पक्ष की रणनीति पर विचार किया गया।
एमएमडीआर संशोधन अधिनियम को लेकर सत्ता पक्ष की मुख्य चिंता खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व और राज्य के वित्तीय अधिकारों को लेकर है। विधायकों का कहना है कि नए कानून से खनिज युक्त भूमि पर उपकर लगाने की राज्य की शक्ति सीमित हो सकती है। इससे राज्य के राजस्व पर असर पड़ेगा और विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए उपलब्ध संसाधन घट सकते हैं।
बैठक में शामिल रहे प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू ने भी इस कानून पर आपत्ति जताई। उन्होंने दावा किया कि संशोधन से झारखंड को हर साल हजारों करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान हो सकता है।
उन्होंने कहा कि इससे राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं पर वित्तीय दबाव बढ़ेगा। एसआईआर को लेकर भी बैठक में चिंता जताई गई। के राजू ने कहा कि इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं और कई मामलों की सुनवाई लंबित है।
उन्होंने आशंका जताई कि जल्दबाजी में प्रक्रिया पूरी करने से खासकर वंचित और आदिवासी समुदायों के पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित हो सकते हैं।
उन्होंने प्रक्रिया की समय-सीमा बढ़ाने और इसे अधिक पारदर्शी बनाने की मांग की। सत्ता पक्ष इन दोनों मुद्दों को विशेष सत्र में प्रमुखता से उठाने की तैयारी कर रहा है। गठबंधन का कहना है कि खनिज संपदा पर राज्य के अधिकार और मतदाताओं के मताधिकार से जुड़े सवाल झारखंड के हितों से जुड़े हैं।
--आईएएनएस
एसएनसी/एमएस

