विशाखापत्तनम के ईस्टर्न नेवल कमांड में कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव की टेबल टॉप एक्सरसाइज संपन्न
नई दिल्ली, 12 सितंबर (आईएएनएस)। कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव (सीएससी) के तहत आयोजित तीन दिवसीय टेबल टॉप एक्सरसाइज (टीटीएक्स) 11 सितंबर को विशाखापत्तनम के ईस्टर्न नेवल कमांड (ईएनसी) में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
यह एक्सरसाइज 9 सितंबर को ईस्टर्न नेवल कमांड के चीफ स्टाफ ऑफिसर (ऑपरेशन्स) रियर एडमिरल मनोज झा के उद्घाटन भाषण के साथ शुरू हुई, जिसमें 'हिंद महासागर क्षेत्र (आईओआर) में गैरकानूनी समुद्री गतिविधियों के खिलाफ समन्वित प्रतिक्रिया' विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
सीएससी सदस्य देशों और ऑब्जर्वर देशों के प्रतिनिधिमंडलों और समुद्री सुरक्षा विशेषज्ञों ने 72 घंटों से अधिक समय तक गहन सिम्युलेटेड ऑपरेशनल परिदृश्यों पर काम किया। बातचीत का मुख्य केंद्र जटिल और गैर-पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियों का समाधान करना था, जिनमें समुद्री आतंकवाद, नशीले पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी और गैरकानूनी, बिना रिपोर्ट की गई और अनियमित (आईयूयू) मछली पकड़ना शामिल हैं।
प्रतिभागियों ने मौजूदा स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) की समीक्षा की और सामूहिक मैरीटाइम डोमेन अवेयरनेस (एमडीए) को बेहतर बनाने के लिए सूचना साझा करने की व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया।
यह एक्सरसाइज क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव देशों के सामूहिक संकल्प को दोहराती है और महासागर (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए आपसी और समग्र प्रगति) के विजन के अनुरूप है।
भारतीय नौसेना के प्रवक्ता की ओर से एक्स पोस्ट में कहा गया है, "कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव (सीएसी) की 'टेबल टॉप एक्सरसाइज' 11 सितंबर को विशाखापत्तनम के ईस्टर्न नेवल कमांड में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस एक्सरसाइज की शुरुआत रियर एडमिरल मनोज झा के उद्घाटन भाषण से हुई।"
पोस्ट में आगे कहा गया, "तीन दिनों तक चली इस एक्सरसाइज में हिस्सा लेने वाले समुद्री देशों ने 'आईओआर (हिंद महासागर क्षेत्र) में गैर-कानूनी समुद्री गतिविधियों के खिलाफ समन्वित प्रतिक्रिया' पर मिलकर काम किया। इसमें खुफिया जानकारी साझा करने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने और अंतरराष्ट्रीय खतरों से निपटने के लिए संयुक्त रणनीतिक प्रोटोकॉल विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
--आईएएनएस
ओपी/एबीएम

