विपक्षी दल अलग-अलग राज्यों के स्वाद और विविधता को कभी नहीं समझ पाएंगे: चिराग पासवान
पटना, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा पीएम मोदी पर दिए गए बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल अलग-अलग राज्यों के स्वाद और विविधता को कभी नहीं समझ पाएंगे।
पटना में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की खास बात यह है कि वे हर राज्य की भाषा, बोली और संस्कृति का सम्मान करते हैं।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग देश को जाति, भाषा और धर्म के नाम पर बांटने की सोच रखते हैं, वे अलग-अलग राज्यों के स्वाद और विविधता को कभी नहीं समझ पाएंगे। पीएम मोदी हर राज्य की एकता को जोड़ने का काम करते हैं।
चिराग पासवान ने दावा किया कि 4 मई पांच राज्यों के चुनाव परिणाम एनडीए के पक्ष में आएंगे। पश्चिम बंगाल सहित सभी पांच राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने कहा कि एक ऐतिहासिक जीत के साथ इस बार बंगाल में भी एनडीए सरकार बनेगी।
चिराग पासवान ने आगे कहा कि सीएम ममता बनर्जी ने अपनी संकीर्ण राजनीति के कारण 15 साल से बंगाल को बर्बाद किया है और राज्य को देश की मुख्यधारा से जुड़ने नहीं दिया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बंगाल के लोग देख रहे हैं कि ‘डबल इंजन’ सरकार कैसे कई राज्यों को विकास का फायदा पहुंचा रही है, इसलिए इस बार बंगाल के लोगों ने फैसला कर लिया है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘डबल इंजन’ की सरकार बनाएंगे। जिन राज्यों में पीएम मोदी ने जो वादे किए हैं, वहां सरकार बनने के बाद पूरे किए जाएंगे।
बिहार में बुलडोजर की कार्रवाई को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन कार्रवाई से पहले लोगों के रहने के लिए विकल्प ढूंढ लेना चाहिए। मेरी पार्टी और हम लोग इस पक्ष में रहे हैं कि जो गरीब लोग हैं, पहले उन्हें वैकल्पिक ऑप्शन दिया जाए, और जो उचित कार्रवाई हो उसके बाद किया जाए।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

