विपक्ष पर एनडीए नेताओं का तंज, कहा-राहुल ने कांग्रेस को डुबोया, नीतीश के नाम से तेजस्वी को है नफरत
पटना, 18 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने कांग्रेस को डुबो दिया है और आगे भी डुबो देंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी देशभक्त अपने देश की शिकायत विदेश में नहीं करता। देश से जुड़ी समस्याओं और मुद्दों को देश के भीतर उठाना चाहिए, न कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि खराब करने की कोशिश करनी चाहिए।
मंत्री रामकृपाल यादव ने राहुल गांधी पर वोट चोरी के मुद्दे को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इस मुद्दे पर अपने साथियों और दोस्तों से भी बयान दिलवा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इटली से आए राहुल गांधी के एक मित्र ने भी भारत में वोट चोरी को लेकर बयान दिया और राहुल गांधी इस पर हंस रहे थे। अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के खिलाफ इस तरह की बातें करना जनता को पसंद नहीं आएगा और देश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
बिदूपुर पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने को लेकर तेजस्वी यादव के बयान पर भी रामकृपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से सवाल किया कि आखिर उन्हें नीतीश कुमार के नाम से इतनी नफरत क्यों है?
उन्होंने कहा कि अगर तेजस्वी यादव को इस पुल के इतिहास की जानकारी नहीं है, तो उन्हें पहले जानकारी हासिल करनी चाहिए। वर्ष 2012 में मुख्यमंत्री रहते हुए नीतीश कुमार ने इस पुल की परिकल्पना की थी। इसका उद्देश्य कई जिलों को आपस में जोड़ना, लोगों का आवागमन आसान बनाना, यातायात व्यवस्था को सुगम करना और माल ढुलाई की लागत कम करना था। इससे व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर राम कृपाल यादव ने कहा कि लोगों में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास के लिए प्रधानमंत्री ने अपना खजाना खोल रखा है। राज्य की प्रगति और विकास में प्रधानमंत्री मोदी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
वहीं, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने 'नीतीश सेतु' पर कहा कि यह नाम बिहार सरकार ने रखा है और इसके लिए मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के प्रति धन्यवाद है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जंगल राज से सुशासन की स्थापना, आधारभूत संरचना को बिहार में मजबूत करना, पुल-पुलिया से लेकर सड़क निर्माण तक में अहम भूमिका निभाई है। विपक्ष विशेषकर लालू यादव के परिवार की आंतरिक इच्छा थी कि सेतु का नाम लालू यादव के नाम से हो जाए। लालू यादव के कार्यकाल में क्या रहा? राबड़ी देवी के कार्यकाल में दो काम हुए, एक चारा घोटाला हुआ जो उस समय का सबसे बड़ा घोटाला था।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने क्वाड बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारतीय तिरंगे का मार्कर उठाकर जेब में रखने की घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का भारत के प्रति गहरा प्रेम और सम्मान है। क्वाड समिट के दौरान तिरंगे का एक मार्कर नीचे गिरा हुआ था, जिसे प्रधानमंत्री ने उठाकर अपनी जेब में रख लिया। आज विश्व में भारत का तिरंगा मजबूती के साथ लहरा रहा है। देश के 140 करोड़ नागरिकों के मन में भी तिरंगे के प्रति यही सम्मान होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर विदेश में भारत के खिलाफ अपमानजनक बयान देने का आरोप लगाया।
संजय सरावगी ने पीडीए रथ यात्रा को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे जितनी कोशिश कर ले, उसका सूपड़ा साफ होना तय है। इस बार बिहार में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए की सरकार पिछली बार से भी अधिक प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी।
उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में प्रदेश के लोग दंगों, अपराध और माफिया राज से परेशान थे। आज उत्तर प्रदेश में सुशासन स्थापित हुआ है। संजय सरावगी ने दावा किया कि बिहार की जनता भी एनडीए के पक्ष में अपना समर्थन देगी।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम

