Samachar Nama
×

विपक्ष को कमजोर कर रही भाजपा, दल-बदल के जरिए सत्ता हासिल करना उनका मॉडल: तारिक अनवर

नई दिल्ली, 18 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने शिवसेना (यूबीटी) में कथित अंदरूनी हलचल, बागी सांसदों को वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा दिए जाने, समाजवादी पार्टी के सांसदों को लेकर भाजपा की रणनीति और झारखंड राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 के बाद से भाजपा का मुख्य लक्ष्य विपक्षी दलों को कमजोर कर सत्ता पर पकड़ बनाए रखना रहा है।
विपक्ष को कमजोर कर रही भाजपा, दल-बदल के जरिए सत्ता हासिल करना उनका मॉडल: तारिक अनवर

नई दिल्ली, 18 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने शिवसेना (यूबीटी) में कथित अंदरूनी हलचल, बागी सांसदों को वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा दिए जाने, समाजवादी पार्टी के सांसदों को लेकर भाजपा की रणनीति और झारखंड राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 के बाद से भाजपा का मुख्य लक्ष्य विपक्षी दलों को कमजोर कर सत्ता पर पकड़ बनाए रखना रहा है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में तारिक अनवर ने कहा कि भाजपा का जनता का विश्वास जीतने की बजाय राजनीतिक जोड़-तोड़ के जरिए सत्ता हासिल करने में ज्यादा भरोसा है। उन्होंने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से यह प्रवृत्ति लगातार बढ़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का विश्वास जनता का समर्थन हासिल करने में नहीं है। उनका विश्वास किसी भी तरह सत्ता में आने और बहुमत जुटाने में है। कई राज्यों में जहां कांग्रेस या अन्य विपक्षी दलों को जनादेश मिला था, वहां भी सरकारें बदली गईं। यह सिलसिला लगातार जारी है। विपक्ष को कमजोर करने और विपक्ष-मुक्त भारत बनाने की कोशिशें की जा रही हैं।

शिवसेना (यूबीटी) के अंदरूनी हालात और सांसदों के संभावित दल-बदल को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस सांसद ने कहा कि प्रभावित दलों के पास न्यायालय का दरवाजा खटखटाने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचता। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने संविधान का मजाक उड़ाया है, उनके खिलाफ अब अदालत का रास्ता ही बचता है। चाहे तृणमूल कांग्रेस हो, उद्धव ठाकरे की पार्टी हो या कोई अन्य दल, ऐसे मामलों में कोर्ट जाना ही एकमात्र विकल्प रह जाता है। अगर वहां से न्याय मिल जाए तो यह बड़ी बात होगी।

सांसदों को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा दिए जाने के मुद्दे पर तारिक़ अनवर ने कहा कि राजनीतिक दल बदलने वाले नेताओं को अक्सर विशेष सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब लोग दल बदलते हैं तो उन्हें वाई प्लस सुरक्षा दी जाती है, उन्हें हर तरह से नवाजा जाता है। सभी जानते हैं कि इसमें धनबल का भी इस्तेमाल होता है। कई बार इतनी बड़ी रकम की पेशकश की जाती है कि लोगों का ईमान डगमगा जाता है।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा समाजवादी पार्टी के सांसदों को लेकर की गई टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए तारिक अनवर ने कहा कि भाजपा वहां भी कोशिश जरूर करेगी, लेकिन उसे सफलता मिलने की संभावना कम है। हमें लगता है कि अखिलेश यादव की अपनी पार्टी और अपने सांसदों पर मजबूत पकड़ है। वहां भाजपा अपनी साजिश में शायद कामयाब नहीं हो पाएगी।

झारखंड राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार की हार पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनावों में इस तरह की घटनाएं पहले भी होती रही हैं और राजनीतिक संपर्कों का प्रभाव भी देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि जैसा अन्य जगहों पर होता है, वैसा ही झारखंड में भी हुआ है। राज्यसभा चुनाव में इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। परिमल नथवानी पहले भी राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं, इसलिए उन्होंने अपने संपर्कों का लाभ उठाया होगा। यह कैसे और किन कारणों से हुआ, इसका पता बाद में चलेगा।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story

Tags