विपक्ष की ‘भ्रम राजनीति’ को जनता ने नकारा, मोदी सरकार ने देश को वैश्विक ताकत बनाया: पंकज चौधरी
लखनऊ, 20 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब विपक्ष की 'नकारात्मक, भ्रम फैलाने वाली और अवसरवादी राजनीति' को पूरी तरह समझ चुकी है।
पंकज चौधरी ने कहा कि जिन दलों ने दशकों तक संविधान, सामाजिक न्याय और अर्थव्यवस्था को परिवारवाद और वोटबैंक की राजनीति का माध्यम बनाया, वही आज जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वैश्विक स्तर पर बढ़ता सम्मान कांग्रेस और सपा को स्वीकार नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और बड़े राष्ट्र भारत के साथ रणनीतिक, आर्थिक और तकनीकी साझेदारी बढ़ाने को उत्सुक हैं। प्रधानमंत्री के विदेश दौरों को उन्होंने भारत के हितों, निवेश, रोजगार और वैश्विक प्रतिष्ठा को मजबूत करने वाला बताया। उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ प्रधानमंत्री मोदी के सौहार्दपूर्ण संबंधों पर राहुल गांधी की टिप्पणी को 'अपरिपक्व और हताश मानसिकता' का परिचायक बताया।
चौधरी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में व्यक्तिगत विश्वास और मित्रता की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है, लेकिन कांग्रेस हमेशा भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाने की राजनीति करती रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी द्वारा देश में आर्थिक संकट की बात को 'हास्यास्पद' बताते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान देश भ्रष्टाचार, घोटालों और नीति पक्षाघात से जूझ रहा था, जबकि आज मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड विदेशी निवेश, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, डिफेंस कॉरिडोर, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे अभियान देश को आत्मनिर्भर बना रहे हैं। साथ ही करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है।
पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं, संविधान और संवैधानिक पदों पर अनर्गल आरोप लगाकर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आपातकाल लगाकर संविधान की आत्मा को कुचलने वाली कांग्रेस आज संविधान की दुहाई दे रही है, जबकि भाजपा सरकार ने गरीब, दलित, पिछड़े, आदिवासी और महिलाओं के अधिकारों को सबसे अधिक मजबूती दी है।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि आरक्षण और सामाजिक न्याय पर बोलने का सपा को कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद चरम पर था तथा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू कर लाखों युवाओं को बिना भेदभाव सरकारी नौकरियां देने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा 'सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत पर कार्य करती है और आरक्षण को संविधान प्रदत्त अधिकार मानते हुए पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू कर रही है। वहीं, समाजवादी पार्टी पर उन्होंने आरक्षण के नाम पर समाज को बांटने और भ्रम फैलाने की राजनीति करने का आरोप लगाया। ‘लेटरल एंट्री’ के मुद्दे पर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए चौधरी ने कहा कि प्रशासनिक दक्षता और विशेषज्ञता बढ़ाने के लिए समय-समय पर सुधार किए जाते रहे हैं, लेकिन विपक्ष हर सुधार का विरोध केवल राजनीतिक लाभ के लिए करता है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज स्थापित हुआ है और माफिया व अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है। गरीबों की जमीनों पर कब्जा करने वालों पर बुलडोजर चल रहा है, जिससे वर्षों तक अपराध और भ्रष्टाचार की राजनीति करने वाले लोग परेशान हैं। पंकज चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव दोनों ही जनता के वास्तविक मुद्दों से कट चुके हैं। एक ओर प्रधानमंत्री मोदी विकसित भारत के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं, वहीं विपक्ष भ्रम, भय और झूठ की राजनीति कर रहा है।
--आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी

