विपक्ष के नेताओं का रवैया बर्दाश्त करने योग्य नहीं: एके शर्मा
लखनऊ, 9 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्षी नेताओं ने जमकर हंगामा किया है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल सदन में बोल रही थीं, इस दौरान सपा विधायक जमकर नारेबाजी और शोर-शराबा कर रहे थे।
उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष का जिस तरह से रवैया है, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ये लोग राज्यपाल को बोलने नहीं दे रहे थे, फिर भी राज्यपाल ने किसी तरह अपनी बातों को रखा है। मैं इसके लिए राज्यपाल का धन्यवाद करता हूं, लेकिन विपक्ष को इस तरह से सदन की कार्यवाही में बाधा नहीं डालनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से विपक्ष के लोग महिला का अपमान कर रहे हैं, इसके लिए पूरा देश इनकी निंदा करता है। विपक्ष के पास जब कोई मुद्दा नहीं होता है तो वह सदन में हंगामा करने लगता है, जिससे सदन न चल पाए और जनता की समस्याओं पर भी वह बात नहीं करता है।
मंत्री एके शर्मा ने कहा कि भाजपा के राज में जनता को वो सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनको विपक्ष के लोग जनता से दूर कर दिए थे और इन समस्याओं पर बात भी नहीं कर रहे थे। आज केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है, दोनों के प्रयास से जनता खुश है। जनता को भी पता है कौन सी पार्टी इनके साथ खड़ी है और इनकी समस्याओं को दूर कर सकती है।
उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर की मूर्ति हम लोगों ने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में लगवाई है। इसके साथ ही हमारी सरकार ने कई संस्थानों का नाम अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर रखा है, जिससे पता चलता है कि भाजपा सरकार अहिल्याबाई होल्कर का कितना सम्मान करती है, लेकिन विपक्ष के लोग जानबूझकर इस तरह का काम कर रहे हैं, जिससे जनता में गलत जानकारी जाए।
एके शर्मा ने कहा कि विपक्ष के लोग प्रदेश में विकास कार्य होते नहीं देख पा रहे हैं, इसलिए विकास कार्यों के होने पर शोर मचा रहे हैं। जनता की समस्याओं से उन्हें कोई मतलब नहीं है, इन्होंने अपने कार्यकाल में भी जनता की समस्याओं को नजरअंदाज किया था।
--आईएएनएस
एसएके/डीएससी

