विपक्ष कानून तोड़कर लोकतंत्र को कमजोर कर रहा, सीजेपी प्रोटेस्ट और राहुल गांधी पर बरसे यूपी के मंत्री जयवीर सिंह
मैनपुरी, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात के बाद राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह ने विपक्ष पर कानून तोड़ने और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया। साथ ही अखिलेश यादव के यूपी में जीत के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि वह हर बार मन ही मन सरकार बना लेते हैं।
उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, "आजकल विपक्ष हो या अन्य लोग, कानून तोड़ने, लोकतंत्र को कमजोर करने और संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने का एक क्रम चल रहा है। यह लगातार बढ़ता जा रहा है। आज भी जंतर-मंतर पर सीजेआई को विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई थी, उसके बाद भी जो कुछ हो रहा है, तो इस तरह मैं समझता हूं कि यह लोकतंत्र के लिए शुभ नहीं हो सकता।"
उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करना, बिना अनुमति के कोई कार्यक्रम करना, या इस तरह की धींगामुश्ती जो लगातार चल रही है, यह न तो लोकतंत्र के लिए शुभ है, न ही संवैधानिक व्यवस्था के लिए शुभ है। इस तरह की गतिविधियों को जनता स्वीकार भी नहीं करेगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलने के बाद राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर जयवीर सिंह की ने कहा कि किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की एक प्रतिष्ठा और गरिमा होती है, जिसमें राष्ट्रपति का सर्वोच्च गरिमामय पद होता है। अगर आप ज्ञापन देने के लिए जा रहे हैं तो शिष्टाचार का ध्यान रखें। उन्होंने मिलने का समय दिया है, तो क्या आप लाठी लेकर घुसने का काम करेंगे या कोई अनुचित शब्दावली का इस्तेमाल करेंगे? आइए, बैठिए, ज्ञापन दीजिए, यही शिष्टाचार है, यही संविधान और लोकतंत्र की मर्यादा है।
यूपी विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के जीत के दावे को लेकर उन्होंने कहा कि वह हर बार सरकार बना लेते हैं। 2022 में भी बना ली थी, पहले भी बना ली थी। वह मन ही मन, दिल ही दिल में सरकार बना ही लेते हैं। वह रोजाना इस तरह की बयानबाजी करते हैं।
सीजेपी प्रोटेस्ट को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार निश्चित तौर पर संविधान में है, लोकतंत्र में यह अधिकार मिलता है, लेकिन कानूनी मर्यादाओं का पालन करना, जो भी निर्धारित प्रक्रिया है, उसका अनुपालन करना भी लोकतंत्र में मजबूती से एक सिस्टम है। इस व्यवस्था का पालन करना होता है।
--आईएएनएस
केके/वीसी

