निकाय चुनाव में धांधली का आरोप निराधार, हारने का बहाना बना रही यूबीटी: राहुल नार्वेकर
मुंबई, 22 जनवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के कई नगर निगमों में मेयर पद के लिए लॉटरी प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें शिवसेना (यूबीटी) ने धांधली का गंभीर आरोप लगाया है। महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नार्वेकर ने शिवसेना (यूबीटी) के आरोप को निराधार बताया। साथ ही उन्होंने बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) में महापौर पद पर पहली बार महिला को बैठाने की तारीफ की।
महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नार्वेकर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "लॉटरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई, जिसमें सभी प्रक्रियाओं को फॉलो किया गया है। विपक्ष सिर्फ हारने के बाद बहाना बना रहा है। लॉटरी सिस्टम से महिला को मेयर बनाया गया है। बेबुनियाद आरोप लगाना विपक्ष की आदत बन गई है। जब वे खुद जीतते हैं, तो ईवीएम सही काम करता है, लेकिन जब हारते हैं, तो उन्हें ईवीएम के अंदर ही दोष दिखाई देने लगता है।"
उन्होंने कहा, "विपक्ष बेबुनियाद आरोप लगा रहा है, जिस पर बहस नहीं करनी चाहिए। चुनाव फिक्स का आरोप लगाना आसान है, लेकिन वे सबूत दिखाए कि किसने फिक्स किया था और कैसे किया था।"
राहुल नार्वेकर ने कहा कि बीएमसी का महिला मेयर बनाने का फैसला सराहनीय है। अगर मुंबई का प्रतिनिधित्व एक महिला करती है तो इससे समाज में एक अच्छा मैसेज जाएगा।
उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के चुनाव को फिक्स बताने के आरोप को निराधार बताते हुए कहा, "विपक्ष को चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और शासन पर विश्वास नहीं है। ऐसे में विपक्ष का किसी के ऊपर विश्वास नहीं है। उनका संविधान के ऊपर विश्वास है कि नहीं, अब मेरे मन में यह प्रश्न उठ रहा है। निकाय चुनाव में हार के बाद वे बौखला गए हैं और इसका विपरीत परिणाम दिख रहा है।"
राहुल नार्वेकर ने नवंबर 2025 के आखिरी सप्ताह में बृहन्मुंबई नगर निगम द्वारा झुग्गियों को गिराने के लिए जारी किए गए कॉलिंग अटेंशन नोटिस (नंबर 1214) के संबंध में एक बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
--आईएएनएस
एससीएच

