Samachar Nama
×

विजय दिवस बहादुर सैनिकों पर गर्व करने का दिन: संजय सेठ

नई दिल्ली, 16 दिसंबर (आईएएनएस)। विजय दिवस के मौके पर मंगलवार को केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा ये बहादुर सैनिकों पर गर्व करने का दिन है।
विजय दिवस बहादुर सैनिकों पर गर्व करने का दिन: संजय सेठ

नई दिल्ली, 16 दिसंबर (आईएएनएस)। विजय दिवस के मौके पर मंगलवार को केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा ये बहादुर सैनिकों पर गर्व करने का दिन है।

मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि आज देश विजय दिवस मना रहा है। 1971 में हमारे बहादुर जवानों ने पाकिस्तान को हराया और 93,000 पाकिस्तानी सैनिकों को सरेंडर करने पर मजबूर किया। विजय दिवस के मौके पर, मैं हमारे लाखों सैनिकों को सलाम करता हूं और बधाई देता हूं जो माइनस 30 डिग्री से लेकर पहाड़ों, आसमान और समुद्र तक, हजारों किलोमीटर की सीमाओं पर मुश्किल हालात में पहरा दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह हमारे बहादुर सैनिकों पर गर्व करने का दिन है। हमारे सेवारत और रिटायर्ड जवानों ने हमेशा देश पहले की भावना के साथ काम किया है और भारत सरकार हमारे पूर्व सैनिकों के कल्याण का पूरा समर्थन करती है। यह नया भारत है, जिसकी उपलब्धियां पूरी दुनिया देख रही है। हमने आर्थिक रूप से प्रगति की है, साथ ही हम रक्षा क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर हैं। ऑपरेशन सिंदूर की गाथा पूरे देश से सुनी। भारत दुनिया में किसी भी देश से रक्षा के क्षेत्र में कम नहीं है। देश अपनी सेना पर गर्व करता है। विजय दिवस के शुभ अवसर पर, मैं सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।

एक्स पोस्ट में उन्होंने लिखा, “अपने अद्भुत शौर्य और अद्वितीय पराक्रम से 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारत को ऐतिहासिक विजय दिलाने वाले हर सैनिक की वीरता को नमन। मां भारती की आन, बान और शान के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र के लिए समर्पित बलिदानियों की वीरगाथा युगों-युगों तक हर देशवासी को प्रेरणा देती रहेगी। जय हिंद।“

बता दें कि भारत-पाकिस्तान के बीच 1971 के युद्ध में केवल 13 दिनों में भारतीय सशस्त्र बलों ने अद्भुत साहस, मजबूत इरादा और श्रेष्ठ सैन्य कौशल दिखाया, जिसके परिणामस्वरूप 93,000 पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया-जो दुनिया के सबसे बड़े सैन्य आत्मसमर्पणों में से एक है। यह दिन भारत की मित्रों के प्रति निष्ठा और शत्रुओं के लिए स्पष्ट संदेश का प्रमाण है-तब से अब तक-जब भारत न्याय के लिए खड़ा होता है, तो विजय निश्चित होती है।

--आईएएनएस

डीकेएम/एएस

Share this story

Tags