विधायक प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी, राजस्थान के संदीप शर्मा का नाम आया सामने : पुलिस
कैसरगंज, 17 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से पूर्व सांसद और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बृजभूषण शरण सिंह तथा उनके पुत्र और सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह को फोन पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
सदर सर्किल ऑफिसर आनंद कुमार राय ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया, "पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह के मोबाइल नंबर पर कॉल करके धमकी दी गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में राजस्थान के अलवर के भंडा 239 मांडावार वार्ड छह माजरी निवासी संदीप शर्मा का नाम सामने आया है। आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर भी टीम लगाई गई है।"
उन्होंने बताया कि सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह के मोबाइल नंबर पर 14 जून को दोपहर 2.22 बजे पर एक कॉल आई। फोन करने वाले ने चंद सेकेंड बात करने के बाद धमकी देना शुरू कर दिया। उसने धमकी भरे अंदाज में कहा कि तुम्हें और तुम्हारे पिता भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को जान से मारकर खत्म करने का इंतजाम किया जा चुका है।
फोन करने वाला इस पर भी नहीं रुका और बोला कि खुद को बचा पाओ तो बचा लो, विधायक जी। विधायक ने पुलिस अधीक्षक को फोन कॉल की जानकारी दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में धमकी देने वाले के मोबाइल नंबर का सिम राजस्थान के अलवर के भंडा 239 मांडावार वार्ड छह माजरी निवासी संदीप शर्मा के नाम से जारी होने की बात सामने आई है।
आनंद कुमार राय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है, जो आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही कॉल रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरी साजिश का पता लगाया जा सके।
वहीं, प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की जांच जारी है और जल्द ही आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
--आईएएनएस
एसएके/एबीएम

