Samachar Nama
×

विधानसभा का पहला दिन आपसी लड़ाई में बर्बाद, जरूरी मुद्दों पर नहीं हुई चर्चा: देवेंद्र यादव

विधानसभा का पहला दिन आपसी लड़ाई में बर्बाद, जरूरी मुद्दों पर नहीं हुई चर्चा: देवेंद्र यादव
विधानसभा का पहला दिन आपसी लड़ाई में बर्बाद, जरूरी मुद्दों पर नहीं हुई चर्चा: देवेंद्र यादव

नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने विधानसभा सत्र को लेकर सत्ताधारी पार्टी पर निशाना साधा और साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को श्रद्धांजलि भी दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा का पहला दिन आपसी लड़ाई में बर्बाद हो गया और राजधानी के अहम मुद्दों पर चर्चा नहीं हो रही है।

देवेंद्र यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "इस विधानसभा सत्र में कई जरूरी मुद्दों पर काम होना था। मुझे लगता है कि पहला दिन तो उनकी आपसी लड़ाई में ही बर्बाद हो गया। मुझे दूसरे और तीसरे दिन से भी ज्यादा उम्मीद नहीं है।"

उन्होंने हाल ही में राजधानी में छात्रों के हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि उस मुद्दे पर विधानसभा में कोई चर्चा ही नहीं हुई। उन्होंने कहा, "राजधानी में कुछ दिन पहले छात्रों का जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुआ था। उस मुद्दे पर इस विधानसभा में चर्चा होनी चाहिए थी। इस बात पर चर्चा होनी चाहिए थी कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है और ये हालात किसने पैदा किए।"

देवेंद्र यादव ने दिल्ली सरकार की 2500 रुपए की योजना को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "महिलाएं बार-बार इस मुद्दे को उठा रही हैं और इसके लिए फॉर्म भी भरे जा रहे हैं। मुझे याद है कि दिल्ली चुनावों के दौरान भाजपा ने वादा किया था कि हर महिला के खाते में पहले रक्षाबंधन पर ही 2500 रुपए जमा कर दिए जाएंगे। एक साल बीत चुका है, फॉर्म भरे जा रहे हैं और कमेटियां बनाई जा रही हैं लेकिन फॉर्म भरने के साथ-साथ यह बात भी सामने आई है कि जिस तरह से यह स्कीम पेश की गई है, उससे दिल्ली की महिलाओं को शायद वे फायदे न मिल पाएं जो उन्हें मिलने चाहिए थे।"

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि वादे के मुताबिक समय पर राशि नहीं दी गई और अब प्रक्रिया को इतना जटिल बना दिया गया है कि हकीकत में लाभार्थियों को परेशानी हो रही है।

वहीं दूसरी ओर देवेंद्र यादव ने पार्टी के पूर्व अध्यक्षों को श्रद्धांजलि देने के कार्यक्रम की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा, "मुझे खुशी है कि कुछ समय से हमने प्रदेश कांग्रेस कमेटी में अपने पूर्व अध्यक्षों को उनकी पुण्यतिथि और जयंती पर श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम शुरू किया है।"

मंगलवार को चौधरी ब्रह्म प्रकाश जी की पुण्यतिथि और चौधरी दीप चंद बंधु की जयंती मनाई गई। इस मौके पर सभी कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट हुए और दोनों नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।

देवेंद्र यादव ने कहा, "हमने उनके कामों को भी याद किया और उनके दिखाए रास्ते पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया। ब्रह्म प्रकाश पहले मुख्यमंत्री थे, जबकि दीप चंद बंधु जी के समय में कांग्रेस एक अलग ऊंचाई पर पहुंची और पार्टी का प्रदर्शन काफी बेहतर हुआ।"

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी

Share this story