Samachar Nama
×

पटना : विधान परिषद की चार सीटों के चुनाव परिणाम पर जेडीयू में मंथन

पटना : विधान परिषद की चार सीटों के चुनाव परिणाम पर जेडीयू में मंथन
पटना : विधान परिषद की चार सीटों के चुनाव परिणाम पर जेडीयू में मंथन

पटना, 5 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार विधान परिषद चुनाव परिणाम के बाद जनता दल यूनाइटेड ने समीक्षा बैठक बुलाई। बैठक में जीते और हारे उम्मीदवारों, जिला अध्यक्षों और चुनाव प्रभारियों से फीडबैक लिया गया। जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि सभी फीडबैक का विश्लेषण कर आगे की रणनीति तय होगी।

जेडीयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा, "बिहार विधान परिषद की चार सीटों पर, जहां जनता दल यूनाइटेड ने अपने उम्मीदवार खड़े किए थे, जीतने वाले और पराजित उम्मीदवारों को समीक्षा बैठक में बुलाया गया था। उनके साथ जिला अध्यक्ष भी आए थे। चुनाव संचालन के लिए जो प्रभारी नियुक्त किए गए थे, उन्हें भी आमंत्रित किया गया था। सभी ने अपने फीडबैक से पार्टी नेतृत्व को अवगत करा दिया है। फीडबैक के विश्लेषण के बाद भविष्य की रणनीति पर पार्टी काम करेगी और आगे जो कुछ भी तय होगा, उस पर निर्णय लिया जाएगा।"

उन्होंने कहा कि आज की बैठक की समीक्षा के दौरान जो भी फीडबैक आया, उसे आधार बनाकर आगे का काम किया जाएगा। उम्मीदवारों ने और उनके चुनाव संचालन का दायित्व निभाने वाले लोगों ने बेबाकी के साथ अपनी राय से पार्टी नेतृत्व को अवगत कराया। पार्टी नेतृत्व के संज्ञान में सभी बातें हैं और उनका विश्लेषण करने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।

उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के निर्देशों पर समीक्षा बैठक बुलाई गई थी। संगठन, सरकार, उम्मीदवारी और इन तमाम बिंदुओं पर चर्चा हुई। हमने काम किया, लेकिन काम के बावजूद अगर वोट नहीं मिले हैं, तो हमें पीड़ा और दुख है। एनडीए गठबंधन है, तो इन तमाम विषयों पर विमर्श हुआ है और प्रदेश नेतृत्व इन सभी चीजों को देखेगा।

निशांत कुमार के डिप्टी सीएम बनने की चर्चाओं पर जदयू के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि अभी इस संबंध में कोई औपचारिक जानकारी नहीं दी गई है। ये खबरें चल रही हैं, लेकिन अभी आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।

उन्होंने कहा कि अंदर केवल यही बात हुई कि चुनाव का अनुभव क्या था, संगठन की भूमिका क्या थी और नेतृत्व द्वारा जो कार्य किए गए, उनका क्या प्रभाव रहा। अवलोकन और समीक्षा की स्थिति क्या थी, इन तमाम मुद्दों की जानकारी साझा की गई है।

--आईएएनएस

केके/एबीएम

Share this story

Tags