विदेश मंत्री जयशंकर से मिले जर्मन राजनेता मारियो, व्यापार और तकनीक पर हुई बात
नई दिल्ली, 2 जून (आईएएनएस)। जर्मनी के थ्यूरिंगिया राज्य के मिनिस्टर-प्रेसिडेंट मारियो वोग्ट ने मंगलवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की। दोनों के बीच व्यापार और तकनीकी साझेदारी को लेकर अहम बातचीत हुई।
विदेश मंत्री ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी। उन्होंने इस मुलाकात को हर्ष का विषय बताया। लिखा, "थ्यूरिंगिया के मिनिस्टर-प्रेसिडेंट मारियो वोग्ट और उनके प्रतिनिधिमंडल से मिलकर खुशी हुई।"
उन्होंने पोस्ट में मुलाकात के दौरान हुई चर्चा का उल्लेख किया। बताया कि भारत-जर्मनी और भारत-यूरोपीय संघ संबंधों के विस्तार के प्रति उनका मजबूत सहयोग स्वागतयोग्य है। दोनों की व्यापार और प्रौद्योगिकी साझेदारियों पर सार्थक चर्चा हुई।
मंगलवार को ही मारियो वोग्ट और उनके प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान स्मार्ट शहरी विकास, टिकाऊ बुनियादी ढांचा, डिजिटल प्रशासन, नवाचार, कौशल विकास और प्रतिभा आदान-प्रदान जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में परिवहन, जल प्रबंधन, पर्यावरणीय तकनीकों, शिक्षा और कार्यबल विकास के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत और जर्मनी के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं, और दिल्ली इस साझेदारी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
भारत और जर्मनी लंबे समय से घनिष्ठ रणनीतिक साझेदार रहे हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा, कौशल विकास और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में व्यापक सहयोग है। हाल के वर्षों में दोनों देशों ने डिजिटल प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वच्छ ऊर्जा और नवाचार के क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है।बदलते वैश्विक परिदृश्य में दोनों पक्ष निवेश, उन्नत तकनीक, हरित विकास और आपूर्ति श्रृंखला सहयोग जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाओं की तलाश कर रहे हैं।
थुरिंगिया जर्मनी का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक और तकनीकी राज्य माना जाता है। यह क्षेत्र उच्च तकनीक विनिर्माण, अनुसंधान और नवाचार के लिए प्रसिद्ध है। मारियो वोग्ट वहां के मिनिस्टर-प्रेसिडेंट हैं, जो भारत के किसी प्रांत के मुख्यमंत्री के समान पद होता है।
--आईएएनएस
केआर/

