विदेश मंत्री जयशंकर ने साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस से की मुलाकात, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देने पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 22 मई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में साइप्रस गणराज्य के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स से मुलाकात कर भारत-साइप्रस संबंधों और भारत-ईयू सहयोग को मजबूत बनाने पर चर्चा की।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने अपने सोशल मीडिया 'एक्स' अकाउंट पर पोस्ट में लिखा, ''नई दिल्ली में साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। हमारे द्विपक्षीय संबंधों और भारत-ईयू सहयोग को सुदृढ़ बनाने के लिए उनके सकारात्मक विचारों और मार्गदर्शन को मैं बहुत महत्व देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी मुलाकात का मुझे बेसब्री से इंतजार है, जिससे हमारी रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाया जा सकेगा।''
इससे पहले राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया, ''राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स ने शुक्रवार सुबह राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। महात्मा गांधी के शांति और अहिंसा के शाश्वत आदर्श दुनियाभर में मानवता को प्रेरित करते आ रहे हैं।''
साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिड्स गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे, जहां हवाईअड्डे पर उनका स्वागत केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने किया।
नई दिल्ली आने से पहले क्रिस्टोडौलिड्स ने अपनी भारत यात्रा के तहत मुंबई का दौरा किया। उनके साथ उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी है, जिसमें साइप्रस के विदेश मंत्री कस्टेनसंस, परिवहन मंत्री अलेक्सिस, वरिष्ठ अधिकारी और कारोबारी शामिल हैं। इस यात्रा से भारत और साइप्रस के बीच आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले गुरुवार को क्रिस्टोडौलिड्स ने नेशनल स्टाक एक्सचेंज (एनएसई) के चेयरमैन श्रीनिवास इंजेटी और प्रबंध निदेशक एवं सीईओ आशीष कुमार चौहान के साथ मुंबई में एनएसई इंडिया की घंटी भी बजाई थी।
--आईएएनएस
एवाई/पीएम

