Samachar Nama
×

विदेश जाने वाले यात्री के पास मिले करीब 30 लाख रुपए, दस्तावेज न दिखाने पर डीआरआई को सौंपा गया मामला

विदेश जाने वाले यात्री के पास मिले करीब 30 लाख रुपए, दस्तावेज न दिखाने पर डीआरआई को सौंपा गया मामला
विदेश जाने वाले यात्री के पास मिले करीब 30 लाख रुपए, दस्तावेज न दिखाने पर डीआरआई को सौंपा गया मामला

अमृतसर, 4 अगस्त (आईएएनएस)। श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अमृतसर पर सीआईएसएफ की मुस्तैदी से विदेशी मुद्रा की तस्करी की एक बड़ी कोशिश नाकाम कर दी गई। सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ जवानों ने एक यात्री के अंडरगारमेंट्स में छिपाकर रखे गए 31,500 अमेरिकी डॉलर बरामद किए। बरामद राशि भारतीय मुद्रा में करीब 30 लाख रुपए के आसपास है।

घटना सोमवार को उस समय हुई जब एक यात्री विदेश जाने के लिए सुरक्षा जांच से गुजर रहा था। सीआईएसएफ के जवानों ने स्क्रीनिंग के दौरान यात्री की गतिविधियों में कुछ संदिग्ध महसूस की। इसके बाद गहन जांच की गई तो यात्री ने अपने कपड़ों में भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा छिपा रखी थी। जवानों की सतर्कता और पेशेवर दक्षता के कारण तस्करी की यह कोशिश शुरुआती स्तर पर ही पकड़ में आ गई।

सीआईएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि बरामद अमेरिकी डॉलर को गिनकर और सत्यापित करने के बाद यात्री से पूछताछ की गई। पूछताछ में यात्री इतनी बड़ी राशि अपने साथ ले जाने को लेकर कोई वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। विदेशी मुद्रा ले जाने के लिए आरबीआई और कस्टम नियमों के तहत आवश्यक घोषणा और दस्तावेज अनिवार्य होते हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सीआईएसएफ ने तुरंत आगे की कार्रवाई शुरू की।

इसके बाद यात्री और बरामद 31,500 अमेरिकी डॉलर को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस, यानी डीआरआई के अधिकारियों को सौंप दिया गया। डीआरआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि यात्री यह रकम कहां ले जा रहा था, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसका स्रोत क्या है। अधिकारियों को संदेह है कि यह मामला हवाला या अन्य अवैध लेनदेन से जुड़ा हो सकता है।

सीआईएसएफ ने कहा कि अमृतसर एयरपोर्ट पर यात्रियों और सामान की जांच के लिए आधुनिक उपकरणों के साथ-साथ खुफिया सूचना आधारित निगरानी भी की जाती है। जवानों को समय-समय पर तस्करी के नए तरीकों के बारे में प्रशिक्षण दिया जाता है। इसी कारण अंडरगारमेंट्स जैसी जगहों में छिपाई गई मुद्रा को भी पकड़ा जा सका।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story

Tags