Samachar Nama
×

वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027: सिंगापुर और दक्षिण कोरिया में गुजरात का सफल रोड शो, निवेश-साझेदारी के कई अवसर उभरे

वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027: सिंगापुर और दक्षिण कोरिया में गुजरात का सफल रोड शो, निवेश-साझेदारी के कई अवसर उभरे
वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027: सिंगापुर और दक्षिण कोरिया में गुजरात का सफल रोड शो, निवेश-साझेदारी के कई अवसर उभरे

गांधीनगर, 6 नवंबर (आईएएनएस)। वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट (वीजीजीएस) 2027 के लिए गुजरात सरकार के वन एवं पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने 19 से 26 अक्टूबर 2026 के दौरान सिंगापुर और दक्षिण कोरिया का दौरा किया। इस दौरान उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गुजरात को वैश्विक निवेश के लिए एक श्रेष्ठ गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया।

साथ ही व्यावसायिक साझेदारी को मजबूत करने और वैश्विक कंपनियों को वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 के लिए आमंत्रित किया। वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट की 11वां संस्करण 10 से 12 जनवरी 2027 के दौरान गांधीनगर में होने जा रहा है।

सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के प्रतिनिधिमंडल में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की सचिव एवं डेलिगेशन नोडल अधिकारी पी. भारती (आईएएस), योजना विभाग की सचिव आद्रा अग्रवाल (आईएएस), डीएसटी के संयुक्त निदेशक (आईटी) वसीम मंसूरी, और गिफ्ट सिटी के एवीपी (बिजनेस ऑपरेशन्स) निसर्ग आचार्य शामिल थे। इसके अलावा, गुजरात स्टेट इलेक्ट्रनिक्स मिशन, फिक्की और केपीएमजी के प्रतिनिधि भी गुजरात सरकार के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे।

गुजरात के प्रतिनिधिमंडल ने दोनों देशों के दौरे के दौरान हुई विविध व्यावसायिक बैठकों में सेमीकंडक्टर, जल एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन, डिजिटल टेक्नोलॉजी, हेल्थकेयर, कृषि एवं फूड प्रोसेसिंग, ग्रीन हाइड्रोजन, इंटीरियर एवं फर्नीचर, इंफ्रास्ट्रक्चर, समुद्री सेवाओं और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में गुजरात में उपलब्ध और उभर रहे अवसरों को रेखांकित किया। संवाद के दौरान कई कंपनियों ने गुजरात में निवेश, टेक्नोलॉजी साझेदारी, कारोबार के विस्तार और पायलट परियोजनाएं शुरू करने में रुचि दिखाई है।

सिंगापुर यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कुल 20 बैठकें कर गुजरात के उपलब्ध अवसर और प्रोत्साहक योजनाओं सहित पहलुओं को सामने रखा। इनमें 9 वन-टू-वन बिजनेस मीटिंग, 2 सरकारी (जी2जी) बैठकें, 5 राउंडटेबल बैठकें और 4 साइट विजिट शामिल थीं। गुजरात सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर के व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय के राज्य मंत्री श्री गन सिओव हुआंग से मुलाकात की। इसी क्रम में सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले द्वारा आयोजित डिनर में शामिल होकर द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया।

गुजरात सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री अर्जुन मोढवाडिया के नेतृत्व में उद्योग संगठनों के साथ राउंडटेबल बैठकें कीं। इस दौरान एसएसआईए, एसआईसीसीआई, एआईबीपी, टीआईई सिंगापुर और सिंगापुर गुजराती सोसायटी के साथ सेमीकंडक्टर, नवाचार, गिफ्ट सिटी और टैलेंट डेवलपमेंट को लेकर सार्थक बातचीत हुई। गुजरात सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने माइक्रोन सेमीकंडक्टर फैसिलिटी, ग्लोबल टेक सॉल्यूशंस, एएसएमपीटी यिशुन फैसिलिटी और ए स्टार फ्यूजनोपोलिस का दौरा किया तथा वहां अपनाई जा रही वैश्विक श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों और अनुसंधान क्षमताओं का अध्ययन किया।

सिंगापुर दौरे की सफलता की प्रमुख संभावित निवेश संभावनाओं पर नजर डालें तो ग्लोबल टेक सॉल्यूशंस ने धोलेरा में उपकरणों के रिफर्बिशमेंट और क्वार्ट्ज मैन्युफैक्चरिंग में रुचि दिखाई है।

वहीं, भारत सेमीटेक ने साणंद में सेमीकंडक्टर उपकरण निर्माण में रुचि दिखाई है। माइक्रोन टेक्नोलॉजी ने असेंबली और टेस्टिंग के विस्तार, एएसएमपीटी ने पैकेजिंग इकोसिस्टम तथा ऑटोडेस्क ने गिफ्ट सिटी में कार्यालय शुरू करने में रुचि दिखाई है। रेडवुड इंटीरियर ने पोरबंदर में फर्नीचर निर्माण में रुचि दिखाई है।

गार्डेंट एएमईए ने स्वास्थ्य क्षेत्र में कैंसर निदान के लिए जीबीयू, जीबीआरसी, जीसीआरआई और जीएसबीटीएम के साथ प्रस्तावित सहयोग को लेकर चर्चा की। कैपेल इंफ्रास्ट्रक्चर ने गुजरात में डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर परियोजनाओं के लिए पानी, ऊर्जा, कूलिंग और टिकाऊ इंफ्रास्ट्रक्चर समाधान उपलब्ध कराने की संभावनाओं में रुचि दिखाई है।

वहीं, एसएमआईटी सीवेज ने एमईआरसी के माध्यम से गुजरात में परिचालन आधार स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है, जिसमें रिस्पॉन्स उपकरण और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल होंगे। डी नोरा वर्तमान में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के साथ काम कर रही है और उसने सेमीकंडक्टर-ग्रेड जल एवं अपशिष्ट जल समाधान उपलब्ध कराने में रुचि दिखाई है। ए स्टार ने सिलिकॉन फोटोनिक्स और एसआईसी टेक्नोलॉजी में अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) सहयोग में रुचि दिखाई है।

गुजरात सरकार के प्रतिनिधिमंडल की सिंगापुर गुजराती सोसाइटी और एसआईसीसीआई के साथ हुई बैठक में सिंगापुर में एक ‘गुजरात सपोर्ट ऑफिस’ अथवा आसियान क्षेत्र के लिए गिफ्ट सिटी का रतिनिधि कार्यालय शुरू करने का सुझाव दिया गया।

सिंगापुर यात्रा के बाद प्रतिनिधिमंडल दक्षिण कोरिया पहुंचा। दक्षिण कोरिया में प्रतिनिधिमंडल ने कुल 25 कार्यक्रमों में भाग लिया, जिनमें 15 वन-टू-वन बिजनेस मीटिंग, 3 राउंडटेबल बैठकें और 7 साइट विजिट शामिल थीं। भारतीय दूतावास और ‘मेक इन इंडिया कोरिया’ के सहयोग से कोरियाई बिजनेस लीडर्स राउंडटेबल तथा आईसीसीके के सदस्यों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। इसके अलावा एचजे हैवी इंडस्ट्रीज, हान्वा ओशन, हानयांग इंजीनियरिंग, जीएनबीएस इको, गाचोन यूनिवर्सिटी एमआरआई रिसर्च सेंटर, डावोन मेडएक्स बीएनसीटी सेंटर और सियोल सेमीकंडक्टर जैसे तकनीकी केंद्रों का दौरा किया गया।

दक्षिण कोरिया में सेमीकंडक्टर, डिस्प्ले टेक्नोलॉजी, डेटा सेंटर, शिपबिल्डिंग, केमिकल्स, बायोटेक्नोलॉजी, क्लीन एनर्जी, रोबोटिक्स, एग्रीटेक और औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की कंपनियों के साथ गुजरात में निवेश, टेक्नोलॉजी साझेदारी, विनिर्माण विस्तार, आरएंडडी और सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। कुछ कंपनियों ने भविष्य में निवेश, संयुक्त उपक्रम, पायलट परियोजनाओं और उत्पादन सुविधाएं स्थापित करने में रुचि दिखाई। कंपनियों के साथ हुई चर्चाओं में सेमीकंडक्टर, शिपबिल्डिंग, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल टेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी और कौशल विकास के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर बल दिया।

दक्षिण कोरिया की यात्रा से गुजरात में आने वाले संभावित प्रमुख निवेश पर नजर डालें तो जीएनबीएस ईको ने धोलेरा में सेमीकंडक्टर उपकरण के लिए 12 एकड़ भूमि उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया। सिलिकॉन डिस्प्ले ने 12-इंच टीएफटी फिंगरप्रिंट-सेंसर सेमीकंडक्टर फैब में रुचि दिखाई है।

लैम्को एंड डोंगवू फाइन-केम ने धोलेरा अथवा वडोदरा में सेमीकंडक्टर केमिकल्स और मटेरियल्स के निर्माण में रुचि दिखाई है। सियोल सेमीकंडक्टर ने एलईडी और माइक्रो एलईडी निर्माण में रुचि दिखाई है। वहीं, नोवा डेटा सेंटर्स ने इन्फिक्सजोन टेक्नोलॉजीज और फ्यूचरटेक सॉल्यूशंस के साथ मिलकर गुजरात में हाइपरस्केल डेटा सेंटर विकसित करने की योजना बनाई है।

हनवा और दासुन शिपबिल्डिंग ने समुद्री उद्योग और शिपबिल्डिंग क्षेत्र में पिपावाव तथा गुजरात की स्थानीय कंपनियों के साथ साझेदारी करने की इच्छा व्यक्त की है। एचजे हैवी इंडस्ट्रीज ने पोरबंदर में तटीय पर्यटन, हॉस्पिटलिटी और अंतरराष्ट्रीय रिसॉर्ट परियोजनाओं में रुचि दिखाई है।

दक्षिण कोरियाई कंपनी सॉफ्टपीवी के साथ हुई राउंडटेबल बैठक के दौरान दक्षिण कोरियाई कंपनियों को निवेश संबंधी मार्गदर्शन और परियोजना सुविधा उपलब्ध कराने के लिए गुजरात सरकार की ओर से एक सिंगल पॉइंट ऑफ कॉन्टैक्ट (एसपीओसी) नियुक्त करने का सुझाव दिया गया।

मंत्री अर्जुन मोढवाडिया के नेतृत्व में गुजरात सरकार के प्रतिनिधिमंडल की इस आठ दिवसीय यात्रा ने सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के निवेशकों में गुजरात के प्रति व्यापक उत्साह पैदा किया है। सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन, शिपबिल्डिंग, हेल्थकेयर तथा एआई और डिजिटल क्षेत्रों में हुई ये चर्चाएं वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 में बड़े पैमाने पर वैश्विक निवेश आकर्षित करने की दिशा में मार्गदर्शक साबित होंगी।

--आईएएनएस

डीकेपी/

Share this story

Tags