Samachar Nama
×

वीएचआरपी यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर कट्टर सनातनी प्रत्याशियों को उतारेगी : गोपाल राय

वीएचआरपी यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर कट्टर सनातनी प्रत्याशियों को उतारेगी : गोपाल राय
वीएचआरपी यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर कट्टर सनातनी प्रत्याशियों को उतारेगी : गोपाल राय

लखनऊ, 5 नवंबर (आईएएनएस)। विश्व हिंदू रक्षा परिषद (वीएचआरपी) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि संगठन आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपनी भूमिका निभाएगा और कट्टर सनातनी विचारधारा से जुड़े प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारेगा।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से मांग की कि यूजीसी कानून को तत्काल हटाया जाए। अगर सनातनियों का वोट लेना है तो सनातनियों के बीच लड़ाने का काम नहीं करना चाहिए। यूजीसी कानून जब से लागू करने की बात हुई है, तब से यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया लेकिन सरकार को इसे तत्काल हटाना चाहिए। सनातनियों के बीच लड़ाने का काम नहीं होना चाहिए। संगठन इसी मुद्दे को लेकर आगे अपनी बात रखेगा।

गोपाल राय ने मथुरा में संगठन के आगामी कार्यक्रम की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि संगठन 5 दिसंबर को लखनऊ से मथुरा के लिए रवाना होगा और 6 दिसंबर को वहां शौर्य दिवस मनाएगा। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू रक्षा परिषद चाहती है कि मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण का एक भव्य मंदिर बने और वहां से ईदगाह हटे क्योंकि ईदगाह वहां पहले था ही नहीं। मुगल शासनकाल में जबरन कब्जा किया गया था। ऐसी स्थिति में विश्व हिंदू रक्षा परिषद भव्य मंदिर निर्माण की मांग को लेकर 10 हजार कार्यकर्ताओं के साथ 6 दिसंबर को मथुरा में रहेगी।

गोपाल राय ने भारतीय जनता पार्टी को दिए गए समर्थन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को संगठन की ओर से इक्कीस दलों के साथ समर्थन दिया गया था। उस समय यूपी सरकार के मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और दयाशंकर सिंह सहित कई नेता समर्थन मांगने के लिए आए थे। इसके सारे फोटो और दस्तावेज संगठन के पास मौजूद हैं। समर्थन देने के बाद संगठन को मजबूत किया गया लेकिन एक महीने बाद ही उनकी सुरक्षा हटा ली गई।

उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा बीस साल से लगी हुई थी लेकिन अचानक हटा दी गई जबकि जम्मू और वाराणसी में उन पर गोली चल चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर भारतीय जनता पार्टी किसी को सुरक्षा दे नहीं सकती है तो पहले से लगी हुई सुरक्षा को क्यों हटा दिया गया। इसमें कौन अधिकारी शामिल है, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को उन्होंने कभी समर्थन नहीं दिया, फिर भी उस सरकार में भी उनकी सुरक्षा लगी हुई थी।

गोपाल राय ने कहा कि संगठन ने लव जिहाद, धर्मांतरण जैसे कई मुद्दों पर काम किया है। चाहे मुर्शिदाबाद जाना रहा हो या बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या का मामला रहा हो, संगठन ने हर मुद्दे पर आवाज उठाई है। संभल में बाबर के नाम पर मस्जिद बनाने के प्रयास का भी उन्होंने जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कई देशों में संगठन का विस्तार हुआ है और लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय धर्म संसद का भी आयोजन किया गया था। संगठन लगातार बढ़ रहा है और ऐसे में सुरक्षा हटा लेना कहीं न कहीं एक बड़ी साजिश लगती है।

इस दौरान बिजनौर के एक मुस्लिम परिवार की घर वापसी का भी जिक्र किया। गोपाल राय ने बताया कि बिजनौर के थाना मंडावर अंतर्गत ग्राम मोहीउद्दीनपुर निवासी मोहम्मद दिलशाद अब राजीव शर्मा बन गए हैं। उनकी पत्नी रेहाना ने रितु नाम अपनाया है और बेटी खुशी अब अनन्या बन गई है। मुस्लिम परिवार ने विधि-विधान से सनातन धर्म में घर वापसी की।

बागेश्वर धाम के बयान पर पूछे गए सवाल पर गोपाल राय ने कहा कि बागेश्वर बाबा ने जो कहा, वह गलत कहा। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण कोई एक वर्ग के नहीं हैं बल्कि वे सभी सनातनियों के हैं। देश ही नहीं, विदेश में भी सनातनी रहते हैं और अमेरिका, चीन, जापान जैसे देशों से लोग उनके दर्शन के लिए आते हैं।

उन्होंने कहा कि जो भी लोग देवी-देवताओं पर टिप्पणी करते हैं, उनके खिलाफ निश्चित रूप से मुकदमा दर्ज करके जेल भेज देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी को भी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अधिकार नहीं है और इस तरह के बयानों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story