वीरप्पा मोइली का बड़ा दावा- कांग्रेस नेताओं ने रुकवाई थी मोदी के खिलाफ जांच, वीडियो में बोले- अमित शाह के बाद जेल जाने की बारी उनकी थी
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री वीरप्पा मोइली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार के दौरान तत्कालीन गुजरात मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चल रही जांच को पार्टी के ही कुछ नेताओं ने रुकवा दिया था। मोइली के मुताबिक, यह फैसला तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की वजह से नहीं, बल्कि कांग्रेस के दूसरे नेताओं के हस्तक्षेप के कारण लिया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज उसी फैसले की कीमत चुका रही है।
मोइली ने यह बयान बेंगलुरु में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा के विमोचन से जुड़े कार्यक्रम के दौरान दिया। उस समय को याद करते हुए उन्होंने बताया कि जब वह केंद्र सरकार में कानून मंत्री थे, तब गुजरात के तत्कालीन गृह मंत्री अमित शाह से जुड़े मामले की जांच चल रही थी। इसी मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि अगर जांच आगे बढ़ती तो नरेंद्र मोदी को भी जेल जाना पड़ सकता था।
अमित शाह के बाद मोदी की बारी थी
वीरप्पा मोइली ने कहा कि अमित शाह इस मामले में जेल जाने वाले पहले बड़े नेता थे। अदालत ने उन्हें गुजरात से बाहर रहने का आदेश दिया था और मामले की सुनवाई भी दूसरे राज्य में स्थानांतरित कर दी गई थी।मोइली के मुताबिक, अमित शाह के बाद नरेंद्र मोदी की बारी आ सकती थी। उन्होंने दावा किया कि मोदी को भी जेल जाना पड़ता और उन्हें गुजरात से बाहर कर दिया जाता। हालांकि, उन्होंने इस मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया।
मनमोहन सिंह को फैसले के लिए जिम्मेदार नहीं बताया
पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री ने स्पष्ट किया कि नरेंद्र दी के खिलाफ जांच रोकने का फैसला तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नहीं लिया था। उनके अनुसार, कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं ने जांच को आगे बढ़ने से रोक दिया था।मोइली ने कहा कि यह उनकी पार्टी के भीतर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं में से एक थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी अपनी सरकार ने मोदी के खिलाफ जांच और पड़ताल को रुकवा दिया था। इसका परिणाम आज कांग्रेस भुगत रही है।हालांकि, मोइली ने उन नेताओं के नाम नहीं बताए, जिन्होंने कथित तौर पर जांच रुकवाने में भूमिका निभाई थी। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल वह इस मामले की ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं करना चाहते।
सोहराबुद्दीन शेख एनकाउंटर मामले का किया जिक्र
मोइली ने अपने बयान में सोहराबुद्दीन शेख कथित फर्जी मुठभेड़ मामले का संदर्भ दिया। इस मामले में तत्कालीन गुजरात गृह मंत्री अमित शाह भी आरोपी बनाए गए थे। वर्ष 2010 में सीबीआई ने अमित शाह को गिरफ्तार किया था। बाद में अदालत ने उन्हें आरोप-मुक्त कर दिया था।मोइली मई 2009 से मई 2011 तक केंद्र सरकार में कानून एवं न्याय मंत्री रहे थे। उन्होंने इसी कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उन्हें इन घटनाक्रमों की जानकारी थी।
कांग्रेस के संगठनात्मक बदलावों पर भी उठाए सवाल
मोइली ने कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी पार्टी में बड़े बदलाव करना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने मोइली की अध्यक्षता में एक समिति भी बनाई थी।मोइली के अनुसार, समिति ने भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए कई सुझाव दिए थे, लेकिन पार्टी के कुछ नेताओं ने इन बदलावों का विरोध किया। उनका कहना था कि यदि संगठनात्मक सुधारों को लागू किया जाता तो नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने की परिस्थितियां अलग हो सकती थीं।मोइली के इस बयान के बाद कांग्रेस के भीतर पुराने राजनीतिक फैसलों और जांच एजेंसियों की भूमिका को लेकर बहस शुरू हो गई है।

