Samachar Nama
×

वीर सावरकर का त्याग और समर्पण हर राष्ट्रप्रेमी के लिए ज्योति स्तंभ : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए कहा कि उनका त्याग और समर्पण हर राष्ट्रप्रेमी के लिए राष्ट्रप्रथम का ज्योति स्तंभ बना रहेगा।
वीर सावरकर का त्याग और समर्पण हर राष्ट्रप्रेमी के लिए ज्योति स्तंभ : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए कहा कि उनका त्याग और समर्पण हर राष्ट्रप्रेमी के लिए राष्ट्रप्रथम का ज्योति स्तंभ बना रहेगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "स्वातंत्र्यवीर सावरकर आजादी के आंदोलन के उन नायकों में थे, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत से स्वतंत्रता व सांस्कृतिक स्वाधीनता के लिए एक साथ संघर्ष किया। उन्होंने एक तरफ अपने क्रांतिकारी विचारों से आजादी के आंदोलन को वैचारिक आधार दिया, वहीं देश से लेकर इंग्लैंड तक, अपने साहसी अभियानों से युवाओं की प्रेरणा बने। अस्पृश्यता उन्मूलन व नारी शिक्षा के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले वीर सावरकर के त्याग, समर्पण व वीरता की गाथाएं अनंत काल तक हर एक राष्ट्रप्रेमी के लिए राष्ट्रप्रथम का ज्योति स्तंभ बनी रहेंगी।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पोस्ट में लिखा कि ओजस्वी क्रांतिकारी एवं तेजस्वी विचारक, 'स्वातंत्र्यवीर' विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र की स्वतंत्रता एवं सांस्कृतिक अस्मिता व अखंडता के लिए आपका त्याग एवं संघर्ष भारत के इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा। आपका संपूर्ण ओजस्वी जीवन राष्ट्रभक्ति की अनंत प्रेरणा है।"

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पोस्ट में लिखा कि स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर भारतीय स्वाधीनता संग्राम के प्रखर क्रांतिकारी एवं दूरदर्शी चिंतक थे। उन्होंने साहस, वैचारिक दृढ़ता और राष्ट्रीय चेतना के माध्यम से समाज को स्वाधीनता के लक्ष्य के लिए संगठित किया। मातृभूमि के प्रति उनका त्याग और राष्ट्रनिष्ठ चिंतन देशवासियों को कर्तव्यबोध और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता रहेगा।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पोस्ट में लिखा कि मां भारती के अमर सपूत, प्रखर राष्ट्रवादी व महान विचारक स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। सामाजिक समरसता, हिंदुत्व और राष्ट्रवाद के महान ध्वजवाहक सावरकर का जीवन साहस और धैर्य का पर्याय है। उनके विचार भारत को परम वैभव पर ले जाने की शक्ति रखते हैं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पोस्ट में लिखा कि महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं अदम्य साहस के प्रतीक वीर विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन। उनका त्याग, तप और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है। उनके विचार और आदर्श हमें सदैव राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे।"

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में लिखा कि अप्रतिम राष्ट्रभक्त वीर विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र के प्रति अनन्य निष्ठा की वह अमर गाथा है, जिसने जन-जन को संगठित कर स्वाभिमान का भाव जागृत किया। विदेशी शासन के विरुद्ध उनकी अदम्य वीरता और काला पानी की रूह कंपा देने वाली यातनाएं भी उनके अडिग संकल्प को डिगा न सकीं। कारावास में पत्थर की दीवारों को अपनी वैचारिक शक्ति से जीवंत कर देने वाले वे एक अद्वितीय क्रांतिकारी थे। वीर सावरकर का बहुआयामी व्यक्तित्व साहस, साहित्य और समाज सुधार की प्रतिमूर्ति था। उनका ओजस्वी चिंतन हमें राष्ट्र-प्रथम के मार्ग पर चलने की निरंतर प्रेरणा देता रहेगा।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पोस्ट में लिखा कि मां भारती के ओजस्वी सपूत, महान स्वाधीनता संग्राम सेनानी, 'स्वातंत्र्यवीर' विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि पर उनके चरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। अंग्रेजों की अनेक यातनाएं व काला पानी की सजा भी देश को स्वतंत्र कराने के उनके संकल्प को नहीं डिगा पाई। मातृभूमि की रक्षा में समर्पित आपका सम्पूर्ण जीवन देश की भावी पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पोस्ट में लिखा कि त्याग और तप की प्रतिमूर्ति, मां भारती के सच्चे सपूत एवं प्रखर राष्ट्रवादी, स्वातंत्र्यवीर वीर सावरकर को उनकी पुण्यतिथि पर कोटिशः नमन अर्पित करता हूं। अंग्रेजी हुकूमत द्वारा उनको दी गई कठोरतम यातनाएं भी मातृभूमि के प्रति उनके अटूट प्रेम एवं समर्पण भाव को डिगा नहीं पाईं। स्वतंत्रता आंदोलन में उनके अदम्य साहस और संघर्ष की गौरवगाथा को कृतज्ञ राष्ट्र कभी भुला नहीं पाएगा।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम

Share this story

Tags