केंद्र की योजनाओं से गरीब, युवा, किसान और महिलाओं को मिला व्यापक लाभ : देवेश तिवारी
गिरिडीह, 20 जून (आईएएनएस)। केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन और निगरानी के लिए बनाई गई दिशा कमेटी के सदस्य देवेश तिवारी ने शनिवार को झारखंड के गिरिडीह में एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले बारह वर्षों में केंद्र सरकार ने देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि 2014 से देश में एक मजबूत और सशक्त सरकार कार्य कर रही है, जिसने विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सुधार और विकास कार्य किए हैं।
देवेश तिवारी ने बताया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण गरीब, युवा, किसान और महिलाओं को विशेष रूप से लाभ मिला है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ना है। लगभग 58 करोड़ लोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़कर प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि देश में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी ऐतिहासिक प्रगति हुई है। नए राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण, नए हवाई अड्डों की स्थापना तथा रेलवे के आधुनिकीकरण के कार्य तेजी से हुए हैं। वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के संचालन और रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास ने भारतीय रेलवे की तस्वीर बदल दी है।
देवेश तिवारी ने स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और स्किल इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और रोजगार के नए अवसर प्राप्त करने में मदद मिली है। सरकार का ध्यान आत्मनिर्भर भारत के निर्माण पर केंद्रित है।
उन्होंने यह भी बताया कि देश में लगभग 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, जो एक बड़ी सामाजिक सुरक्षा योजना है। यह व्यवस्था लगातार जारी है और इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिली है।
झारखंड राज्य के संदर्भ में बोलते हुए उन्होंने कहा कि देवघर में एम्स की स्थापना और उसका संचालन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। साथ ही देवघर एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्रीय संपर्क और विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने झारखंड में लगभग 50,000 करोड़ रुपए की विकास योजनाएं लागू की हैं, जिससे आदिवासी और पिछड़े वर्गों के जीवन में सुधार हुआ है।
उन्होंने यह भी कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाकर सरकार ने आदिवासी समाज के सम्मान और गौरव को बढ़ाने का कार्य किया है।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी

