वाराणसी: पुलिस की गिरफ्त में यूपी कॉलेज में गोली चलाने वाला छात्र, 'कॉलेज के बाहर कुछ छात्रों का विरोध प्रदर्शन'
वाराणसी, 21 मार्च (आईएएनएस)। उदय प्रताप कॉलेज में बीएससी के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के मामले को लेकर एडीसीपी नीतू कात्यायन ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए घाट ले जाया गया। कॉलेज के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे कुछ छात्र अब अंदर आ गए हैं और अपनी मांगों को लेकर धरना जारी रखे हुए हैं। गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) शिवहरि मीना ने शुक्रवार को बताया था कि आज यूपी कॉलेज में दो छात्रों के बीच विवाद हुआ। उनमें से एक ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी, जिससे दूसरा घायल हो गया। घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया था कि तहरीर ली जा रही है और बाकी छात्रों से बात की जा रही है। एफआईआर दर्ज कर पुलिस की सात टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगी हुई हैं।
बता दें कि यूपी कॉलेज में दो छात्र के बीच झड़प हिंसक हो गई थी, जिसमें एक छात्र को गोली लग गई और वह घायल हो गया था। इलाज के लिए उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान घायल छात्र ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद छात्रों ने परिसर में तोड़फोड़ की और विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मंजीत सिंब हथियार फेंक कर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने कॉलेज परिसर से पिस्टल और पांच गोली बरामद की। फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर छानबीन की। घटना की जानकारी होते ही पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल समेत कमिश्नरेट के सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही आसपास के 10 थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। मृतक छात्र सूर्य प्रताप सिंह गाजीपुर से सैदपुर थाना क्षेत्र के दूबैथा गांव का रहने वाला था। वह यूपी कॉलेज में बीएससी चौथे सेमेस्टर का छात्र था।
--आईएएनएस
एसडी/एएस

