Samachar Nama
×

एमएलसी चुनाव में वाराणसी में हार का जनादेश भाजपा के खिलाफ : आराधना मिश्रा

एमएलसी चुनाव में वाराणसी में हार का जनादेश भाजपा के खिलाफ : आराधना मिश्रा
एमएलसी चुनाव में वाराणसी में हार का जनादेश भाजपा के खिलाफ : आराधना मिश्रा

प्रयागराज, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने वाराणसी एमएलसी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार को 2027 का सेमीफाइनल करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकसभा सीट पर ही भाजपा बुरी तरह हारी है, ये भाजपा के खिलाफ जनादेश है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा, "देश के प्रधानमंत्री की लोकसभा सीट वाराणसी है और वहां पर भारतीय जनता पार्टी एमएलसी का चुनाव बुरी तरह से हार गई है। तो यह भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ जनादेश है। खासकर जिस तरह से पांच सीटों में से चार तो गठबंधन के पक्ष में घोषित हो चुकी हैं और पांचवीं सीट पर भी गठबंधन ने बड़ी बढ़त बनाई हुई है। मैं स्पष्ट कहूंगी कि उत्तर प्रदेश की बात अगर मैं करूं, तो यह जनादेश पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ आया है।"

उन्होंने कहा कि ग्रेजुएट और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में वे लोग वोटर हैं जो आज बेरोजगारी से परेशान हैं, जिनकी नौकरियां जा रही हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने बेरोजगारी, महंगाई, लॉ एंड ऑर्डर, किसानों की समस्याएं और महिलाओं पर हो रहे उत्पीड़न जैसे मुद्दों से प्रभावित होकर मतदान किया है। इन सभी के खिलाफ एक बड़ा जनादेश एमएलसी चुनाव में आया है। मैं यह कहूंगी कि यह 2027 का सेमीफाइनल है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वे आकर उत्तर प्रदेश में देख लें। यहां बैलेट पेपर से चुनाव हुआ और प्रधानमंत्री जी की लोकसभा सीट में भारतीय जनता पार्टी हार गई। यह देश का लोकतंत्र है। लोकतंत्र में जो जनादेश होता है, उसे स्वीकार करना चाहिए। इस पर जवाब दें कि वाराणसी की सीट और उत्तर प्रदेश में जो चार सीटें गठबंधन जीत चुका है और पांचवीं सीट पर बढ़त बनाए हुए है, उसे आप किस तरह से देखते हैं?

आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि जिस तरह से राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा कि कुछ औद्योगिक घरानों विशेषकर टाटा ग्रुप ने देश की आजादी के बाद से लेकर आज तक देश के विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में बड़े बदलाव किए, नई-नई पहल कीं और हजारों-लाखों लोगों को रोजगार दिया।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने यह कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने केवल कुछ चुनिंदा औद्योगिक घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए टाटा ग्रुप को कमजोर करने का प्रयास किया है। इसी संदर्भ में उन्होंने अपनी बात रखी है और हम सब उसका समर्थन करते हैं।

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा मैं समझता हूं कि प्रधानमंत्री जैसे गरिमामय पद पर बैठे व्यक्ति को एमएलसी के चुनाव पर प्रतिक्रिया नहीं देनी चाहिए और उन्होंने प्रतिक्रिया दी भी है तो इस तरह दी है कि देश को झूठी सूचना दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का खाता नहीं खुला, कांग्रेस शून्य पर आउट हो गई। नागपुर, जहां आपका राष्ट्रीय मुख्यालय है, आपके मातृ संगठन का केंद्र है, वहां जीत की सूचना आपको नहीं थी क्या?

उन्होंने कहा कि क्या भारत का प्रधानमंत्री इतना कम जानकारी रखने वाला है? इतनी गलत सूचना उसे दी जाती है? ऐसे ही आपने मजाक उड़वाया था जब आपने कहा था कि बादल छाए हैं, इसलिए मैंने एयर स्ट्राइक के लिए भारतीय सेना को इजाजत दी, ताकि सीमा के उस पार पता न चले।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि मैं यह कहना चाहता हूं कि चिंता इस बात की करिए प्रधानमंत्री कि संसद में आप अयोध्या हार गए, काशी में आप भारत के प्रधानमंत्री हैं, उसके बावजूद दोनों सीटें हार गए। उसके बाद दूसरा धार्मिक स्थल, प्रयागराज, भी आप हार गए, और बुरी तरह हार गए। तीसरा, आपकी भाजपा उत्तर प्रदेश में मथुरा चलो का नारा दे रही है, वहां भी आप हार गए। लगता नहीं कि यह कोई सीधा संदेश है? चंदा चोरी, चवन्नी चोरी, आपने जो किया है, भाजपा ने भगवान के साथ जो छल किया है, उसी की सजा भगवान इन जगहों पर हराकर साफ संदेश दे रहे हैं कि चंदा चोरी बंद करो, वोट चोरी बंद करो।

--आईएएनएस

केके/पीएम

Share this story

Tags