वंदे मातरम विवाद: मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ मुंबई पुलिस में की शिकायत
नई दिल्ली, 17 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम के गायन में कथित तौर पर बाधा डालने के आरोप को लेकर कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ मुंबई के दिंडोशी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायत में पुलिस से वंदे मातरम अधिनियम की प्रयोज्यता और कानूनी स्थिति का पता लगाने और तीनों कांग्रेस नेताओं के कथित आचरण की निष्पक्ष, तटस्थ और समयबद्ध जांच करने के बाद एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।
मुंबई भाजपा के सचिव अखिलेश चौबे (एडवोकेट) ने वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, दिंडोशी पुलिस स्टेशन, मलाड ईस्ट, मुंबई को एक पत्र लिखकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 15 अगस्त को एआईसीसी मुख्यालय स्थित इंदिरा भवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सोनिया गांधी ने ऐसे इशारे किए, जिनसे वंदे मातरम के गायन को लेकर आपत्ति का संकेत मिलता था। विवाद उस समय बढ़ा जब गायकों ने वंदे मातरम के उन बाद के छंदों का गायन शुरू किया, जिनमें हिंदू धार्मिक प्रतीकों का उल्लेख है। कांग्रेस के नेताओं का तर्क है कि इन छंदों से अन्य धर्मों के अनुयायियों की भावनाएं आहत हो सकती हैं।
शिकायत में कथित वीडियो फुटेज का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें राहुल गांधी को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना गया है कि, “हम वंदे मातरम नहीं गा रहे हैं।”
शिकायतकर्ताओं ने कहा है कि दोनों नेताओं के कथित हावभाव, उनकी मंशा और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक प्रकृति की जांच सक्षम प्राधिकारी द्वारा की जानी जरूरी है।
शिकायत में राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026 का हवाला देते हुए कहा गया है कि प्रस्तावित संशोधन के तहत राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय गीत को भी दंडात्मक संरक्षण देने का प्रयास किया गया है। इसमें जानबूझकर राष्ट्रगान या राष्ट्रीय गीत के गायन को रोकने अथवा ऐसे गायन में लगी सभा में अशांति पैदा करने पर तीन वर्ष तक की सजा, जुर्माना या दोनों का प्रावधान बताए जाने का उल्लेख है। शिकायतकर्ताओं ने 2018 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी संदर्भ दिया है। इस मामले के अलावा ओडिशा और बेंगलुरु में भी शिकायतें दर्ज की गई हैं।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम

