Samachar Nama
×

‘वंदे मातरम्’ प्रकरण में हिंदू सेना ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से की शिकायत, निष्पक्ष जांच की मांग

‘वंदे मातरम्’ प्रकरण में हिंदू सेना ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से की शिकायत, निष्पक्ष जांच की मांग
‘वंदे मातरम्’ प्रकरण में हिंदू सेना ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से की शिकायत, निष्पक्ष जांच की मांग

नई दिल्ली, 16 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस मुख्यालय में 15 अगस्त को ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गायन के दौरान सामने आए एक वीडियो को लेकर हिंदू सेना ने दिल्ली पुलिस आयुक्त से शिकायत की है। हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने ईमेल के जरिए शिकायत भेजकर मामले की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच की मांग की है।

शिकायत में विष्णु गुप्ता ने कहा है कि 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ का पूर्ण गायन किया जा रहा था। इसी दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी द्वारा किए गए कुछ इशारों का एक वीडियो सामने आया, जिसके बाद इस घटना को लेकर चर्चा और विवाद शुरू हुआ।

हिंदू सेना की ओर से पुलिस आयुक्त को भेजी गई शिकायत में कहा गया है कि विभिन्न समाचार माध्यमों में इस घटना से संबंधित खबरें प्रकाशित हुई हैं और कुछ मीडिया रिपोर्टों में आरोप लगाया गया है कि ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण गायन के दौरान सोनिया गांधी के इशारों से राष्ट्रगीत का अपमान हुआ। हालांकि, शिकायत में इन आरोपों को निष्कर्ष के तौर पर पेश करने के बजाय पूरे मामले की जांच की मांग की गई है। विष्णु गुप्ता ने कहा कि वायरल वीडियो की वास्तविकता और उसके पूरे संदर्भ की जांच की जानी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कार्यक्रम के दौरान वास्तव में क्या हुआ था।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम की मूल और पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित कराने, उपलब्ध ऑडियो-वीडियो फुटेज की जांच करने और कार्यक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया है।

इसके अलावा कार्यक्रम में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने तथा सोनिया गांधी द्वारा किए गए कथित इशारों के वास्तविक उद्देश्य और परिस्थितियों की भी जांच करने की मांग की गई है।

शिकायत में कहा गया है कि यदि जांच में यह प्रमाणित होता है कि जानबूझकर ‘वंदे मातरम्’ के गायन को रोकने, उसमें बाधा डालने या उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने का कोई कृत्य किया गया है, तो लागू कानून के तहत उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।

विष्णु गुप्ता ने पुलिस से शिकायत पर की गई कार्रवाई और जांच के परिणाम से उन्हें अवगत कराने का भी अनुरोध किया है।

उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि यह कदम किसी राजनीतिक द्वेष या व्यक्तिगत दुर्भावना के कारण नहीं उठाया गया है, बल्कि ‘वंदे मातरम्’ की गरिमा, राष्ट्रीय भावनाओं के सम्मान और कानून के शासन को बनाए रखने के उद्देश्य से शिकायत की गई है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags