Samachar Nama
×

'वनडे की सबसे बड़ी पारी, टी20 में सर्वाधिक शतक', ग्लेन मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए बनाए ये रिकॉर्ड

'वनडे की सबसे बड़ी पारी, टी20 में सर्वाधिक शतक', ग्लेन मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए बनाए ये रिकॉर्ड
'वनडे की सबसे बड़ी पारी, टी20 में सर्वाधिक शतक', ग्लेन मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए बनाए ये रिकॉर्ड

नई दिल्ली, 3 नवंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। मैक्सवेल सोमवार की देर रात संन्यास का ऐलान किया। हालांकि, वह लीग क्रिकेट खेलते रहेंगे।

ग्लेन मैक्सवेल वाइट बॉल क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बड़े मैच विनर रहे हैं। वनडे हो या टी20 मुकाबला मैक्सवेल ने कभी गेंदबाजी तो कभी बल्लेबाजी से ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलायी है। हालांकि, एक बल्लेबाज के तौर पर उन्हें बड़ी सफलता मिली है और ऑस्ट्रेलिया के लिए कई बड़े रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हैं।

वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए दोहरा शतक लगाने और सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड मैक्सवेल के नाम दर्ज है। वनडे विश्व कप 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ 292 के सफल रन चेज में मैक्सवेल ने 128 गेंदों पर नाबाद 201 रन की पारी खेली थी। यह किसी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज द्वारा वनडे में लगाया एकमात्र दोहरा शतक, चेज करते हुए सबसे बड़ी पारी, छठे नंबर पर खेलते हुए सबसे बड़ी पारी है। वनडे विश्व में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से लगाया एकमात्र दोहरा शतक भी है।

मैक्सवेल के नाम किसी वनडे विश्व कप में किसी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज द्वारा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। वनडे विश्व कप 2023 में ही नीदरलैंड के खिलाफ उन्होंने मात्र 40 गेंदों पर शतक लगाया था।

मैक्सवेल का टेस्ट करियर बहुत ही छोटा रहा है, लेकिन लंबे फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बड़ी उपलब्धि उनके नाम है। भारत के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट में मैक्सवेल ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी की शुरुआत की थी। टेस्ट क्रिकेट में ऐसा करने वाले वह ऑस्ट्रेलिया के पहले खिलाड़ी हैं।

टी20 क्रिकेट में मैक्सवेल का प्रभाव बड़ा है। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए सर्वाधिक मैच (130), सर्वाधिक शतक (5) और सर्वाधिक छक्के (150) लगाने वाले खिलाड़ी के तौर पर रिटायर हो रहे हैं। टी20 आई में मैक्सवेल वॉर्नर और फिंच के बाद सर्वाधिक रन (2,897) बनाने वाले तीसरे ऑस्ट्रेलियाई हैं।

मैक्सवेल अंतरराष्ट्रीय टी20 में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच जीतने के मामले में डेविड वॉर्नर के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। वॉर्नर और मैक्सवेल दोनों ने 12-12 बार मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता है।

38 साल के मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 7 टेस्ट खेले, जिसमें 1 शतक की मदद से 339 रन बनाने के अलावा 8 विकेट लिए। वहीं, 149 वनडे मैचों में 4 शतक और 23 अधर्शतक लगाते हुए 3,990 रन बनाए। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 201 रन है। इसके अलावा, 77 विकेट भी उन्होंने लिए हैं। इस दिग्गज ऑलराउंडर ने 130 टी20 मैचों में 5 शतक और 12 अर्धशतक की मदद से 2,897 रन बनाए हैं और 51 विकेट हासिल किए हैं।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story