यादों में 'पंजाब का शेर' : वकालत छोड़ देशसेवा को बनाया मकसद, ऐसे 'पंजाब केसरी' बने लाला लाजपत राय
नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। 17 नवंबर… सिर्फ कैलेंडर में दर्ज एक तारीख ही नहीं है, बल्कि यह दिन हमें उस महान स्वतंत्रता सेनानी की याद दिलाता है, जिसने देश की आजादी के लिए अपना सबकुछ न्योछावर कर दिया। एक ऐसा शख्स, जिसने वकालत के पेशे से अपने करियर की शुरुआत की, लेकिन जब देश को उसकी जरूरत पड़ी तो सुख-सुविधाओं और निजी महत्वाकांक्षाओं को पीछे छोड़कर स्वतंत्रता संग्राम में कूद पड़ा।
हम बात कर रहे हैं लाला लाजपत राय की, जिन्हें पूरा देश 'पंजाब केसरी' के नाम से जानता है। 17 नवंबर 1928 को उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया, लेकिन उनके विचार, साहस और बलिदान आज भी लोगों को देश के लिए कुछ करने की प्रेरणा देते हैं।
लाला लाजपत राय का जन्म 28 जनवरी 1865 को पंजाब के लुधियाना जिले के धुदिके गांव में हुआ था। उनके पिता राधा किशन उर्दू और फारसी के अध्यापक थे, जबकि माता गुलाब देवी धार्मिक विचारों वाली महिला थीं। परिवार से मिले संस्कारों ने उनके व्यक्तित्व को गढ़ने में अहम भूमिका निभाई।
बचपन से ही लाजपत राय पढ़ाई में काफी होशियार थे। वे अक्सर अपनी कक्षा में प्रथम आते थे और कई पुरस्कार भी जीतते थे। उनकी रुचि सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं थी, बल्कि उन्हें लिखने, पढ़ने और भाषण देने का भी शौक था।
लाला लाजपत राय ने वर्ष 1880 में लाहौर के गवर्नमेंट कॉलेज में दाखिला लिया। इसके साथ ही उन्होंने कानून की पढ़ाई भी शुरू की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने वकालत का पेशा अपनाया। साल 1883 में राजस्व न्यायालय में वकालत शुरू की और 1886 में प्लीडर की परीक्षा पास करने के बाद हिसार में अपना काम शुरू किया। कुछ ही समय में उनकी पहचान एक कुशल वकील के रूप में होने लगी।
हालांकि, उनके मन में सिर्फ अच्छा वकील बनने की इच्छा नहीं थी। वे समाज और देश के लिए भी कुछ करना चाहते थे। इसी सोच ने उन्हें आर्य समाज से जोड़ा। वर्ष 1882 में आर्य समाज से जुड़ने के बाद वे सामाजिक और शैक्षिक गतिविधियों में सक्रिय हो गए। उन्होंने आर्य समाज के जरिए शिक्षा के प्रसार, सामाजिक सुधार और लोगों को जागरूक करने का काम किया।
लाला लाजपत राय सिर्फ राजनीतिक नेता नहीं थे, बल्कि जरूरतमंदों की मदद करने में भी हमेशा आगे रहते थे। देश में जब भी अकाल या प्राकृतिक आपदा आई, उन्होंने पीड़ितों की सहायता के लिए काम किया। वर्ष 1896, 1899-1900 और 1907-1908 के अकाल के दौरान उन्होंने राहत कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इतना ही नहीं, 1905 में कांगड़ा में आए भूकंप के समय भी उन्होंने प्रभावित लोगों की मदद की।
समाज में फैली छुआछूत जैसी बुराइयों को लेकर भी वे काफी चिंतित रहते थे। उनका मानना था कि देश तभी आगे बढ़ सकता है, जब समाज के हर व्यक्ति को बराबरी और सम्मान मिले। उन्होंने दलित और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए काम किया। अनाथ और निराश्रित बच्चों की सहायता के लिए भी उन्होंने कई प्रयास किए।
शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान काफी महत्वपूर्ण रहा। वे डीएवी कॉलेज और आर्य समाज के शैक्षिक कार्यक्रमों से जुड़े रहे। उनका मानना था कि शिक्षा किसी भी व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने का सबसे मजबूत माध्यम है।
लाला लाजपत राय का नाम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में बेहद खास है। बाल गंगाधर तिलक और बिपिन चंद्र पाल के साथ मिलकर उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आवाज बुलंद की। इन तीनों नेताओं की जोड़ी 'लाल-बाल-पाल' के नाम से मशहूर हुई। ये नेता सिर्फ अंग्रेजों की नीतियों का विरोध नहीं करते थे, बल्कि देशवासियों में स्वराज की भावना भी जगाते थे।
वर्ष 1905 में बंगाल विभाजन के विरोध में उन्होंने स्वदेशी आंदोलन को पंजाब में लोकप्रिय बनाने का काम किया। वे चाहते थे कि भारतीय विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करें और स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं। उनके बढ़ते प्रभाव से अंग्रेजी सरकार परेशान हो गई। आखिरकार 9 मई 1907 को उन्हें गिरफ्तार कर मांडले किले में कैद कर दिया गया। हालांकि, बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया, लेकिन देश की आजादी के प्रति उनका संकल्प पहले से भी ज्यादा मजबूत हो गया।
लाला लाजपत राय एक अच्छे लेखक और पत्रकार भी थे। उन्होंने मैजिनी, गैरीबाल्डी, शिवाजी और स्वामी दयानंद जैसी महान हस्तियों की जीवनियां लिखीं। जब अमेरिकी लेखिका कैथरीन मेयो ने अपनी पुस्तक 'मदर इंडिया' में भारत की सामाजिक व्यवस्था को लेकर आलोचनात्मक बातें लिखीं, तो लाला लाजपत राय ने अपनी पुस्तक 'अनहैप्पी इंडिया' के जरिए उसका जवाब दिया।
उन्होंने विदेशों में भी भारत की आजादी का पक्ष मजबूती से रखा। वर्ष 1916 में अमेरिका में इंडियन होम रूल लीग की स्थापना की। उनका उद्देश्य दुनिया को भारत की राजनीतिक स्थिति और अंग्रेजों के अत्याचारों से परिचित कराना था।
जब 1928 में अंग्रेजों ने साइमन कमीशन भारत भेजा, तो पूरे देश में इसका विरोध शुरू हो गया। इस कमीशन में एक भी भारतीय सदस्य नहीं था। ऐसे में भारतीय नेताओं ने इसे देश का अपमान माना। 30 अक्टूबर 1928 को लाहौर में लाला लाजपत राय ने इस कमीशन के विरोध में एक विशाल प्रदर्शन का नेतृत्व किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया। इस हमले में लाला लाजपत राय गंभीर रूप से घायल हो गए। चोटों के बावजूद उनका हौसला नहीं टूटा।
हालांकि गंभीर चोटों के कारण 17 नवंबर 1928 को उनका निधन हो गया। उनके निधन ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया।
--आईएएनएस
पीआईएम/एबीएम

