Samachar Nama
×

'वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड से जुड़े कथित चांदी विवाद की होगी जांच,' राम मंदिर प्रबंधन पर भी बोले जुगल किशोर शर्मा

'वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड से जुड़े कथित चांदी विवाद की होगी जांच,' राम मंदिर प्रबंधन पर भी बोले जुगल किशोर शर्मा
'वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड से जुड़े कथित चांदी विवाद की होगी जांच,' राम मंदिर प्रबंधन पर भी बोले जुगल किशोर शर्मा

कटरा, 15 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद जुगल किशोर शर्मा ने श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड से जुड़े कथित चांदी विवाद पर कहा कि मामले की जांच संबंधित अधिकारी करेंगे। साथ ही, उन्होंने राम मंदिर के प्रबंधन से जुड़े मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इसकी जिम्मेदारी राम मंदिर समिति और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की है, और यदि कहीं कोई कमी पाई गई है तो उससे सीख लेकर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

कटरा में आयोजित पंजाब केसरी रिलीफ कैंप में जुगल किशोर शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में राहत कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा, "पूरे राहत अभियान में भाजपा की टीम सक्रिय रूप से सहयोग कर रही है। मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी और अनेक कार्यकर्ता राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। सभी मिलकर जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।"

भाजपा सांसद ने राहत शिविर के आयोजक बलदेव राज शर्मा और उनकी टीम की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "शिविर में न केवल बेहतरीन व्यवस्थाएं की गई हैं, बल्कि आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का भी पूरा ध्यान रखा गया है। जरूरतमंद लोगों को राशन, कंबल, छाते और टॉर्च जैसी आवश्यक सामग्री वितरित की जा रही है, ताकि बारिश के मौसम में उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।"

उन्होंने बताया, "राहत शिविर में सभी धर्मों और समुदायों के लोग सहायता प्राप्त करने पहुंच रहे हैं। पंजाब से आई एक टीम लोगों की जरूरतों को पूरा करने में सहयोग कर रही है, जबकि स्थानीय स्तर पर बलदेव राज शर्मा और उनकी टीम संपूर्ण व्यवस्था संभाल रही है। ऐसे मानवीय प्रयास समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।"

राम मंदिर के प्रबंधन से जुड़े सवाल पर जुगल किशोर शर्मा ने कहा, "यह विषय राम मंदिर समिति और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अधिकार क्षेत्र में आता है। मंदिर का संचालन एक व्यापक और सुव्यवस्थित व्यवस्था के तहत किया जाता है। यदि किसी स्तर पर कोई कमी सामने आई है तो संबंधित संस्थाएं उसका मूल्यांकन करेंगी और भविष्य में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगी। इस मामले में उनकी कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं है।"

वहीं, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड से जुड़े कथित चांदी विवाद पर उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह श्राइन बोर्ड का मामला है। जांच के लिए जो अधिकारी और संस्थाएं अधिकृत हैं, वे तथ्यों के आधार पर मामले की जांच करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी नहीं है, इसलिए इस पर अधिक टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story