Samachar Nama
×

वैभव सूर्यवंशी पूरे देश के लाल, भारत का नाम कर रहे रोशन : गिरिराज सिंह

वैभव सूर्यवंशी पूरे देश के लाल, भारत का नाम कर रहे रोशन : गिरिराज सिंह
वैभव सूर्यवंशी पूरे देश के लाल, भारत का नाम कर रहे रोशन : गिरिराज सिंह

बेगूसराय, 5 जुलाई (आईएएनएस)। बेगूसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी और जम्मू-कश्मीर के पुस्तकालय में बांटी गई विवादित किताब को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को सिर्फ बिहार का नहीं, बल्कि पूरे भारत का लाल बताया।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "हमारे देश के महान क्रिकेटर, चाहे सचिन तेंदुलकर हों, रवि शास्त्री हों या सुनील गावस्कर, सभी ने वैभव सूर्यवंशी को एक कुशल क्रिकेटर बताया है। मेरा मानना है कि वैभव सूर्यवंशी जैसा क्रिकेटर बहुत कम पैदा होता है। यह देश के महान क्रिकेटरों की राय है।"

उन्होंने कहा, "मैं बिहार का हूं। वैभव सूर्यवंशी ने बेगूसराय में पांच-छह साल तैयारी की है। वह सिर्फ बिहार का बेटा नहीं, बल्कि पूरे भारत का लाल है। वह पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन कर रहा है और आगे भी करता रहेगा। हम उसे यहीं से शुभकामनाएं देते हैं।"

इस दौरान जम्मू-कश्मीर के सरकारी स्कूलों की लाइब्रेरी में रखी गई पुस्तक 'पर्सनैलिटीज एंड लीजेंड्स ऑफ जेएंडके' का भी मुद्दा उठा। इस पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि सत्ता का लालच ही लोगों को दूसरों को खुश करने (तुष्टिकरण) के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है। सत्ता का लालच ही लोगों को तुष्टिकरण के लिए प्रेरित करता है। अगर आज कांग्रेस की सरकार होती, तो ऐसा सिर्फ लाइब्रेरी में ही नहीं, बल्कि स्कूलों में भी हो रहा होता। हालांकि, लोगों के विरोध के कारण हम तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करते। अगर हाफिज सईद जैसे आतंकवादी को महान बताया जाए, तो इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण कुछ नहीं हो सकता। लेकिन इस पर अखिलेश यादव और राहुल गांधी चुप रहेंगे।"

बता दें कि जम्मू-कश्मीर के सरकारी स्कूलों की लाइब्रेरी में रखी गई एक किताब, 'पर्सनैलिटीज एंड लीजेंड्स ऑफ जेएंडके', प्रदेश में समग्र शिक्षा नीति के तहत छापी गई है। यह किताब जम्मू-कश्मीर के सभी सरकारी स्कूलों के पुस्तकालयों में भेजी गई थी। ग्रेट पर्सनैलिटीज एंड लेजेंड्स ऑफ जम्मू एंड कश्मीर (सीरीज 4) इस किताब को प्राइवेट पब्लिशर 'ओबेरॉय बुक्स सर्विस' ने छापा है और इसे हिलाल अहमद और संतोष मीना ने एडिट किया है। जम्मू-कश्मीर सरकार ने 2025-26 एकेडमिक सेशन के दौरान 'समग्र शिक्षा योजना' के तहत इसे खरीदा था।

समग्र शिक्षा का लोगो लगाकर इस पुस्तक को स्कूलों की लाइब्रेरी में वितरित किया गया है। पुस्तक में मकबूल भट जैसे आतंकवादी और दोषी व्यक्ति के अलावा सैयद अली शाह गिलानी, शब्बीर अहमद शाह, मसरत आलम, मीरवाइज उमर फारूक और मौलवी फारूक जैसे अलगाववादी नेताओं पर अलग-अलग अध्याय शामिल किए गए हैं।

--आईएएनएस

एसएके/एएस

Share this story

Tags