Samachar Nama
×

गाजियाबाद : वाहन वर्कशॉप में लगी भीषण आग, कई गाड़ियां जलकर हुई राख

गाजियाबाद, 20 मई (आईएएनएस)। गाजियाबाद के हिंडन क्षेत्र स्थित न्यू बस स्टैंड के पास बुधवार तड़के एक वाहन वर्कशॉप में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि वर्कशॉप के अंदर खड़ी कई गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं। जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 20 मई 2026 को सुबह लगभग 5 बजे फायर कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास न्यू बस स्टैंड हिंडन स्थित धर्म कांटा के नजदीक एक गाड़ियों के वर्कशॉप में आग लग गई है।

सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी दो फायर टैंकर और एक वाटर ब्राउजर के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। दमकल विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा गया कि मेरठ रोड स्थित न्यू ऑटो लाइफ मोटर्स नामक वर्कशॉप में आग तेजी से फैल रही थी। आग इतनी भीषण थी कि वर्कशॉप के अंदर खड़ी गाड़ियां उसकी चपेट में आने लगी थीं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में तुरंत दो हौज पाइप फैलाकर पंपिंग के जरिए आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई और कर्मचारियों की सतर्कता के चलते कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। बताया गया कि वर्कशॉप के अंदर कुल छह गाड़ियां मौजूद थीं, जिनमें से तीन गाड़ियों को फायर कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं बाकी गाड़ियां आग से प्रभावित हुईं।

दमकल विभाग ने समय रहते आग को आसपास की दुकानों और अन्य स्थानों तक फैलने से भी रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस

Share this story

Tags