Samachar Nama
×

ग्रेटर नोएडा में बाइक चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 12 वाहन बरामद

ग्रेटर नोएडा, 11 मई (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर पुलिस को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना दादरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
ग्रेटर नोएडा में बाइक चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 12 वाहन बरामद

ग्रेटर नोएडा, 11 मई (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर पुलिस को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना दादरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 9 मोटरसाइकिल, 3 स्कूटी और 2 अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की कई घटनाओं का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार को थाना दादरी पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाया। इसी दौरान रूपवास गोलचक्कर के पास से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उनकी पहचान गौरव और अर्जुन के रूप में हुई। दोनों आरोपी मूल रूप से अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं, लेकिन वर्तमान में हरकेशनगर ओखला फेज-2, नई दिल्ली में रह रहे थे। दोनों की उम्र लगभग 19 वर्ष बताई गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय थे और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखते थे।

पुलिस ने उनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी की 12 गाड़ियां बरामद की हैं। इनमें बजाज सिटी 100, हीरो होंडा पैशन, स्प्लेंडर प्लस, हीरो एचएफ डीलक्स, एफ-जेड बाइक सहित एक्टिवा और टीवीएस जुपिटर जैसी स्कूटियां शामिल हैं। बरामद वाहनों में दिल्ली और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली गाड़ियां शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध चाकू भी बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना दादरी में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा दोनों आरोपियों के खिलाफ दिल्ली के गोविंदपुरी और जैतपुर थानों में भी वाहन चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।

अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और संभावना है कि वाहन चोरी के बड़े नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किए गए वाहनों को कहां और किसे बेचा जाता था।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags