वामपंथी और टीएमसी के रूप में दो विनाशकारी ताकत साथ मिलकर भी बंगाल में कुछ नहीं कर सकती : राहुल सिन्हा
कोलकाता, 10 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने भाजपा को दुश्मन बताते हुए सभी विपक्षी दलों से एकजुट होने का आह्वान किया। साथ ही, अब ममता को बंगाल में वामपंथी दलों के साथ आने में भी कोई दिक्कत नहीं दिख रही है। यह तब हो रहा है, जब खुद ममता बनर्जी ने वामपंथ का किला ढहाकर सत्ता हासिल की थी। हालांकि, तब और अब में काफी कुछ बदल चुका है। ममता के हाथों से सत्ता जा चुकी है और बंगाल में पहली बार भाजपा की सरकार बनी है।
विपक्षी दलों को साथ आने के ममता बनर्जी के आह्वान पर भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि वामपंथ और टीएमसी जैसी दो विनाशकारी ताकतें अगर साथ भी आ जाएं, तब भी बंगाल में कुछ नहीं बदलने वाला है।
कोलकाता में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि टीएमसी पहले से ही तबाह हो चुकी है, इसलिए अब वह ऐसे सहयोगियों की तलाश कर रही है, जिन्होंने बंगाल को नुकसान पहुंचाया। टीएमसी वामपंथियों के खिलाफ बदलाव लाने के उद्देश्य से सत्ता में आई थी, लेकिन अब दोनों साथ आ रहे हैं। बंगाल की जनता देख रही है कि दो विनाशकारी ताकतें एकजुट हो रही हैं, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।
भाजपा सांसद ने कहा कि बंगाल में वामपंथियों की जड़ें अब काफी कमजोर हो चुकी हैं और तृणमूल कांग्रेस भी खत्म होने की कगार पर है। दो कमजोर हो चुकी पार्टियों के साथ आने से कोई लाभ नहीं होगा। वाम दल बंगाल की जनता की नजरों में गिर चुके हैं और अब लोग टीएमसी को भी सहन नहीं कर पा रहे हैं। बंगाल की जनता अब ममता बनर्जी का साथ देने से इनकार कर चुकी है।
बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष को लेकर भाजपा सांसद ने कहा कि यह उनकी पार्टी का अंदरूनी मामला है। लेकिन अब टीएमसी का कोई भविष्य नहीं है। इसलिए वे किसे नेता प्रतिपक्ष चुनते हैं, इससे भाजपा को कोई लेना-देना नहीं है।
भाजपा सांसद ने दावा किया कि आने वाले समय में बंगाल से टीएमसी का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।
सोमनाथ मंदिर का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि सोमनाथ मंदिर को विदेशी आक्रमणकारियों ने कई बार लूटा। प्रधानमंत्री मोदी ने सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार और नवीनीकरण का ऐतिहासिक फैसला लिया है। यह अभूतपूर्व कदम देश की संस्कृति और विरासत को भी दर्शाता है। प्रधानमंत्री द्वारा कराया जा रहा यह पुनर्निर्माण बेहद महत्वपूर्ण है। इसके लिए पूरा देश सम्मान के साथ प्रधानमंत्री को नमन करता है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एएस

