उत्तरकाशी: पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, परिजनों को किया गया सम्मानित
उत्तरकाशी, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। कर्तव्य की राह पर चलते हुए देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों की स्मृति में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर उत्तरकाशी पुलिस ने पुलिस लाइन ज्ञानसू स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके बलिदान को नमन किया। साथ ही शहीद पुलिस कर्मी स्वर्गीय गिरवीर रमोला के परिजनों को सम्मानित कर उनके साथ संवाद किया और हर परिस्थिति में सहयोग का भरोसा दिलाया।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया। इसके बाद शहीद जवानों के सम्मान में सलामी दी गई और दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के त्याग, समर्पण और अदम्य साहस को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की रक्षा करते हुए अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखा। राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीद पुलिस जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करने की प्रेरणा देती है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने शहीद पुलिस कर्मी स्वर्गीय गिरवीर रमोला के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा आश्वस्त किया कि उत्तराखंड पुलिस परिवार हर सुख-दुःख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है। पुलिस विभाग से संबंधित किसी भी समस्या अथवा आवश्यकता के लिए वे निःसंकोच अपनी बात रख सकते हैं। विभाग उनकी सहायता और सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
पुलिस स्मृति दिवस पर जनपद के सभी कोतवाली, थानों और पुलिस चौकियों में भी संबंधित प्रभारियों की उपस्थिति में शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस कर्मियों ने पुष्पांजलि के माध्यम से देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
पुलिस विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, गत वर्ष देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के 154 जवानों ने अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। इनमें उत्तराखंड पुलिस के उपनिरीक्षक स्वर्गीय विनोद कुमार भी शामिल थे, जो टिहरी गढ़वाल जनपद से संबंधित थे।
उत्तरकाशी पुलिस ने सभी वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सदैव पुलिस बल का मार्गदर्शन करती रहेगी। शहीदों का बलिदान राष्ट्र की सुरक्षा, सेवा और जनहित के प्रति समर्पण की अमिट मिसाल है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी

